मेरठ।  एक निजी कॉलेज के हॉस्टल में बृहस्पतिवार रात बीटेक प्रथम वर्ष के छात्र निखिल यादव (17) की मौत हो गई। शुक्रवार सुबह छात्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक ने नाक से खून निकलता देखकर कहा कि छात्र की मौत संभवत: हार्ट अटैक से और लगभग चार घंटे पहले हुई है। शुक्रवार को निखिल यादव को परीक्षा देने जाना था। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

सीओ सदर देहात नवीना शुक्ला के मुताबिक मूलरूप से देवरिया के गांव नारायणपुर औरई निवासी निखिल यादव मेरठ के गंगानगर स्थित निजी कॉलेज में बीटेक प्रथम वर्ष का छात्र था। वह कैंपस के हॉस्टल में रह रहा था। रात में पढ़ाई करने के बाद निखिल और उसका रूममेट अभय सो गए। सुबह निखिल का हाथ अभय के ऊपर रखा था। जैसे ही उसने हटाया तो कोई हलचल नहीं हुई। यह देख उसने आसपास के अन्य छात्रों को बुलाया और निखिल को निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

उसकी नाक और मुंह से खून भी बह रहा था। डॉक्टरों ने बताया कि छात्र की मौत करीब चार घंटे पहले ही हो चुकी है। सूचना पर गंगानगर थाना पुलिस पहुंची। जानकारी के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शाम को पोस्टमार्टम के बाद नोएडा और गुरुग्राम से आए रिश्तेदारों को शव सौंप दिया गया। सीओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। किसी प्रकार की लिखित शिकायत इस मामले में परिजनों द्वारा नहीं की गई है।

निखिल का मौसेरा भाई शुभम परतापुर स्थित कॉलेज से बीटेक कर रहा है। घटना की जानकारी पर वह गंगानगर थाने पहुंचा। उसने बताया कि निखिल के पिता लालमणि यादव सऊदी अरब में काम करते हैं। घर में मां रीता और तीन बहनें हैं। शुभम के मुताबिक निखिल तीन बहनों में इकलौता भाई था। पढ़ाई के साथ निखिल अच्छा एथलीट था।

रात में निखिल ने मां रीता व बहनों से बात की थी। उनसे कहा था कि शुक्रवार को उसका पेपर है। उसे पढ़ाई करनी है। इसके बाद वह सो जाएगा। परीक्षा देने के बाद वह कॉल करेगा।