मेरठ। मामला हस्तिनापुर क्षेत्र के गांव फाजलपुर का है, जहां पर शुक्रवार देर रात घर में सो रहे परिवार पर बदमाशों ने हमला कर दिया। हमले में घायल हुए परिवार के मुखिया की हालत गंभीर है, वहीं उसकी पत्नी से सोने के कुंडल लूट कर बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना से गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन बदमाशों का कोई पता नहीं लगा।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात करीब दो बजे फाजलपुर निवासी किसान कृष्णपाल अपने परिवार के साथ अपने घर पर सो रहा था। देर रात अज्ञात बदमाश उसकी घर की आठ फीट ऊंची दीवार को कूदकर घर में घुस गए। सबसे पहले चारपाई पर सो रहे किसान कृष्णपाल के सिर पर ईंट से कई वार किए, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया।
जब घटना की जानकारी पास ही में सो रही पत्नी को लगी तो उसने शोर मचा दिया। इसके बाद एक बदमाश ने उसके कानों में सोने के कुंडल पर झपट्टा मारते हुए लूट लिया और दीवार के नीचे लगे गेट से जंगल की ओर फरार हो गए।
मामले की सूचना ग्रामीणों को लगी तो गांव जाग हो गई, देर रात को ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना ग्रामीणों ने थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने बदमाशों की तलाश की लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। वहीं थाना पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज कैमरा में बदमाशों की तलाश में जुटी है।
गंभीर रूप से घायल किसान कृष्णपाल को पुलिस की मदद से मवाना सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां पर हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया। परिवार के लोगों ने बताया कि घायल किसान कृष्णपाल और पत्नी सरोज जिला अस्पताल में भर्ती की किए गए हैं।