परीक्षितगढ़। नगर पंचायत की ओर से स्वकर प्रणाली के तहत भवनों पर टैक्स लगाने के विरोध में व्यापारियों, सभासदों के साथ अन्य लोगों ने काफी हंगामा किया। इस दौरान सभासदों की अधिशासी अधिकारी से तीखी नोकझोंक भी हुई। चेयरमैन और अधिशासी अधिकारी ने हंगामा बढ़ता देख पुराने कर भवनों के आधार पर ही 10 प्रतिशत टैक्स लगाने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद व्यापारी और लोग लौटे।

नगर पंचायतकर्मी स्वकर प्रणाली के तहत नगर में जगह-जगह घूमकर कर भवनों की नापतोल कर रहे थे। इसका संयुक्त व्यापार मंडल के पदाधिकारियों सहित अन्य व्यापारियों ने विरोध किया था। नगर पंचायत कार्यालय पर पहुंचकर लोगों ने आपत्ति भी दर्ज कराई। सोमवार को अधिशासी अधिकारी मनोज शर्मा एवं चेयरमैन हिटलर त्यागी ने कहा कि बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पास कराकर कर लगाया जाएगा।

इस दौरान नगर के लोगों ने हंगामा करते हुए कहा कि पुरानी व्यवस्था के आधार पर टैक्स लगाया जाए। इस मामले में काफी देर तक हंगामा चला। इस दौरान अधिशासी अधिकारी के साथ काफी देर तक नोकझोंक हुई। बाद में चेयरमैन हिटलर त्यागी ने लोगो को शांत किया।

इसके बाद में नगर पंचायत बोर्ड की बैठक की गई। इसमें 10 प्रतिशत टैक्स पर ही सहमति जताई गई। इस दौरान संयुक्त व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेंद्र गर्ग, महामंत्री शुभम वशिष्ठ, कोषाध्यक्ष संजय वर्मा, विशाल गोयल, अजय गोयल, डॉ. समशुद्वीन, किशोर वाल्मीकि, देवीदास गौतम, चंद्रप्रकाश त्यागी, कृष्णवीर, महेंद्र सिंह, अनुज त्यागी, अखिलेश कुमार, प्रमोद सहित अन्य मौजूद रहे।