मेरठ. मेरठ में हीट वेव से शनिवार को दुपहरी जलती नजर आई। 24 घंटे के अंतराल में अधिकतम तापमान में अचानक तापमान 3.2 डिग्री की बढ़ोत्तरी हुई। यह सीजन के अब तक के सबसे उच्चतम बिंदु 42.9 डिग्री पर पहुंच गया। यह सामान्य से चार डिग्री अिधक रहा। गर्मी के बढ़ने से आग लगने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। वहीं दोपहरी में निकलना कष्टकारी साबित हो रहा है। न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री रहा। रविवार को भी तापमान में तेजी रहेगी। 17 को पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से मौसम करवट लेगा। बादल छाए रहेंगे तामपान में आंशिक गिरावट होगी।

17 को दिख सकता है बदलाव
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक आज रविवार से पश्चिमी विक्षोभ एक बार फिर सक्रिय हो सकता है, इसी के चलते 17 मई से वेस्‍ट यूपी के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इनदिनों तो आसमान से आग बरस रही है। बता दें कि पूरे वेस्‍ट यूपी में भीषण गर्मी पड़ रही है। मेरठ जनपद में दो दिनों से लगातार पारा 40 के बिंदु को स्पर्श करने की ओर अग्रसर है। वहीं दिल्ली सफदरजंग में अधिकतम तापमान 42 डिग्री के पार चल रहा है। सुबह नौ बजे के बाद से ही सूरज की किरणें आग उगल रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार 16 तक गर्मी का प्रकोप बना रहेगा। 17 को बारिश हो सकती है। मेरठ में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39.5 और न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस रहा।

बाजारों में निकलने की भी हिम्‍मत नहीं
इस बीच तापमान के 42 डिग्री तक पहुंचने की आशंका है। शुक्रवार को तापमान में तेजी के साथ दोपहर में भी आंद्रता का स्तर उच्च बना रहा। धूप में लोग पसीने से तरबतर रहे। सार्वजनिक स्थलों, बाजारों में निकलने की हिम्मत नहीं हुई। जो निकले उनके गर्मी असहनीय हो गई। कृषि प्रणाली संस्थान के प्रधान मौसम विज्ञानी डा. एन सुभाष ने बताया कि 17 को आसमान में बादल छाए रहेंगे। बारिश के एक दो अंतराल देखने को मिलेंगे।

दिल्ली में 47 डिग्री तक जा सकता है तापमान
शनिवार को दिल्ली में कई जगहों पर भीषण लू की चेतावनी देते हुए आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आसमान साफ रहेगा। तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक जाने का अनुमान है। मौसम विशेषज्ञों ने कहा कि अलग-अलग स्थानों पर तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। अगले सप्ताह आसमान में बादल छाए रहने से भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। हिमाचल प्रदेश में 15 से 19 मई तक आंधी चलने के साथ ओलावृष्टि का यलो अलर्ट जारी किया है।

शनिवार को मौसम साफ रहने का अनुमान है, इससे अधिकतम के साथ न्यूनतम तापमान में वृद्धि हो सकती है। रविवार से पश्चिमी विक्षोभ एक बार फिर सक्रिय होगा। इस दिन छह जिलों चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन व सिरमौर में आंधी चलने और बारिश होने की संभावना है। पंजाब में 15 मई तक लू चलती चलेगी। 16 मई से हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पंजाब में बूंदाबांदी व तेज हवा चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। इसका असर 18 मई तक रहेगा।