मेरठ. वन विभाग कल एक जुलाई से वन महोत्सव का शुभारंभ करेगा। एक सप्ताह तक चलने वाले इस अभियान में लगभग 30 लाख पौधे रोपे जाएंगे। इसके लिए वन विभाग ने वृहद स्तर पर अभियान की तैयारी शुरू कर दी है। कल पहले दिन चौ. चरण सिंह विश्वविद्यालय में मुख्य अतिथि सांसद राजेंद्र अग्रवाल व कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला पौधा रोपकर अभियान का उदघाटन करेंगे। इसके बाद प्रतिदिन विभिन्न स्थानों पर वृहद स्तर पर पौधरोपण होगा।

मुख्य वन निरीक्षक डीएफओ राजेश कुमार आइएफएस ने बताया कि मेरठ जिले को 30 लाख पौधे रोपने का लक्ष्य मिला है। इसमें एक जुलाई से अभियान की शुरूआत होगी। चौ. चरण सिंह विश्वविद्यालय में सांकेतिक रूप से अभियान की शुरूआत मुख्य अतिथि सांसद व कुलपति संयुक्त रूप से करेंगे। इसी के साथ विभिन्न स्कूलों व सार्वजनिक स्थानों पर पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्यरत संस्थाएं गोष्ठी व बैठक का आयोजन कर पौधा लगाने के लिए जागरूक करेंगी। मुख्य कार्यक्रम 5, 6 व सात जुलाई को होगा। पांच जुलाई को लक्ष्य का लगभग 80 प्रतिशत पौधे रोपे जाएंगे। इसके अगले दिन व सात जुलाई को शेष 20 प्रतिशत पौधे लगाए जाएंगे। आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर 15 अगस्त को जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में 75 पौधे लगाए जाएंगे।

पौधरोपण के लिए सभी सरकारी विभागों को पौधों की संख्या के रूप में लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अभियान में 26 विभागों को पौधे लगाने हैं। इसमें ग्राम्य विकास, उद्यान, पर्यावरण, नगर विकास, आवास विकास, रेशम, उच्च शिक्षा, पंचायती राज, स्वास्थ्य, उद्योग, गृह, सहकारिता, श्रम, बेसिक, औद्योगिक विकास, लोक निर्माण, कृषि, पशुपालन, ऊर्जा, माध्यमिक, प्रावधिक, परिवहन, रेलवे, रक्षा, राजस्व व जल शक्ति विभाग शामिल हैं। इन सभी विभागों को 2467422 पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। इसके अलावा वन विभाग सर्वाधिक 5.94 लाख पौधे रोपेगा।