मुजफ्फरनगर जिले के खतौली में गांव फहीमपुर खुर्द में युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका शव शुक्रवार को ईंट भट्ठे के निकट खेत में पड़ा मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। मृतक की पहचान मेरठ के मवाना थाना क्षेत्र के गांव खेड़की जदीद निवासी बंटी पुत्र वीरपाल के रूप में हुई है।

पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ के साथ शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। पुलिस ने घटनास्थल से रक्त के नमूने लिए हैं। गांव फहीमपुर खुर्द में सूर्या ईंट भट्ठे के पीछे चकरोड हैं। शुक्रवार सुबह कुछ ग्रामीण जंगल गए थे। यहां खेत में जाने के लिए बनी चकरोड़ पर गोली लगा शव देखकर शोर मचा दिया। मौके पर भीड़ एकत्र हो गई।

सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर संजीव कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। युवक को कनपटी से सटाकर दो गोली मारी गई है। मृतक साधारण चप्पल एवं नाइट लोअर व शर्ट पहने हुए है। शव देखकर साफ है कि घटना को गुरुवार देर रात अंजाम दिया गया है। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।

मृतक के दाएं हाथ में कलावा बंधा है। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि मृतक युवक हिंदू है। ग्रामीणों के मुताबिक युवक गांव का नहीं है। कहीं बाहर से लगाकर यहां हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। पुलिस जांच कर रही है, कि युवक की हत्या कर शव को यहां फेंका गया है।

पुलिस ने घटनास्थल से रक्त के नमूने एकत्र किए हैं। इसके साथ ही चकरोड़ और खेतों के आसपास छानबीन की गई है। मृतक को हत्यारोपित पैदल लाए हैं या किसी वाहन के माध्यम से पहुंचे थे। इसकी बारीकि से पड़ताल की जा रही है। शव के पास पेय पदार्थ का रेपर पड़ा मिला है।