मेरठ। भारतीय खेल प्राधिकरण लखनऊ केंद्र के सब-जूनियर महिला वर्ग में सब-जूनियर विश्व कुश्ती प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम का चयन किया गया। यह विश्व कुश्ती प्रतियोगिता इटली में होने जा रही है। इसके लिए भारतीय कुश्ती महासंघ की ओर से टीम का चयन किया गया। पेशेंट प्रतियोगिता में देशभर के सब जूनियर आयु वर्ग की महिला पहलवानों ने हिस्सा लिया।

चयन प्रतियोगिता में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर स्थित रुस्तम-ए-जमा हिंद दारा सिंह कुश्ती स्टेडियम की छात्रा लीजा तोमर ने भाग लिया। अपने भार वर्ग में सभी प्रतिद्वंदीयों को शिकस्त देकर लीजा ने भारतीय कुश्ती टीम में स्थान पक्का कर लिया। भारतीय कुश्ती टीम में स्थान बनाने पर लीजा तोमर सहित सभी पहलवानों को भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष ब्रिज भूषण शरण सिंह ने बधाई दी और प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं भी दी।

लीजा के कोच और जिला कुश्ती संघ मेरठ के सचिव डॉक्टर जबर सिंह सोम ने बताया कि लीजा का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। उनके विश्व कुश्ती प्रतियोगिता में भी पदक जीतने की पूरी उम्मीद है। सब जूनियर वर्ग में भारतीय टीम में स्थान बना पाना ही एक पहलवान के उम्दा प्रदर्शन को दर्शाता है। लीजा को भारतीय टीम में देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिल रहा है जिसमें वह पदक जीतने की पूरी कोशिश करेंगी।