मेरठ. वेल्डिंग मिस्त्री साजिद की हत्या के पीछे प्रेमिका का हाथ सामने आ रहा है। प्रेमिका ने सहयोगी के साथ मिलकर साजिद के शव को पहले झाड़ियों में डाला। उसके बाद साजिद के घर पर चिट्ठी डालकर परिवार के लोगों को जानकारी दी। प्रेमिका फरार हो गई है। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है। बताया जाता है कि दुकान से साजिद सीधे अपनी प्रेमिका के घर पर ही गया था।

किठौर थाना क्षेत्र के गांव ललियाना निवासी 40 वर्षीय साजिद परीक्षितगढ़ कस्बे में वेल्डिंग की दुकान करता था। रोज की तरह 25 जून की सुबह भी बेटे जैद के साथ दुकान पर गया था। वहां बेटे को छोड़कर कुछ समय में लौटने की कहकर चला गया था। उसके बाद वापस नहीं लौटा। गुरुवार सुबह साजिद के घर के मुख्य गेट पर एक चिट्ठी पड़ी मिली। इसमें लिखा था कि साजिद अब इस दुनिया में नहीं रहा। ललियाना और अहमदपुरी के जंगल में नहर की पटरी के किनारे झाड़ी में उसका शव पड़ा है। शव से कुछ दूरी पर साजिद के कपड़े पड़े हुए हैं। परिवार के लोगों ने पुलिस को साथ लेकर शव बरामद कर लिया।

शुक्रवार को परीक्षितगढ़ पुलिस की जांच में सामने आया कि साजिद की मौत जहर से हुई है। साजिद के मेरठ शहर में रहने वाली एक महिला से प्रेम संबंध थे। दुकान से साजिद महिला के घर पर आया था। उसके बाद महिला के घर पर ही साजिद ने दम तोड़ा है। महिला ने अपने सहयोगी की मदद से साजिद के शव को नहर के किनारे झाड़ी में फेंक दिया था। उसके बाद भी किसी को शव नहीं मिला। तब महिला ने एक चिट्ठी लिखकर साजिद के घर के दरवाजे पर छोड़ी। महिला के सहयोगी को पुलिस ने पकड़ लिया है। — साजिद हत्याकांड में उसकी प्रेमिका का नाम सामने आ रहा है। महिला की तलाश में पुलिस की टीम छापेमारी कर रही है। शनिवार तक महिला को पकड़कर वारदात का पर्दाफाश कर दिया जाएगा। केशव कुमार, एसपी देहात