शिमला. प्रदेश के सवा लाख कर्मचारियों से जुड़े पुरानी पेंशन योजना बहाली के मुद्दे पर हाईपावर कमेटी की बैठक शिमला में सोमवार को होगी। इसकी अध्यक्षता कमेटी के अध्यक्ष मुख्य सचिव आरडी धीमान करेंगे। अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त की ओर से सभी पक्षों को बैठक का निमंत्रण दिया गया है। बैठक दोपहर बाद ढाई बजे होगी। इसमें न्यू पेंशन स्कीम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष प्रदीप शर्मा, महासचिव भरत शर्मा, अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष अश्वनी ठाकुर, महासचिव राजेश शर्मा, कर्मचारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष घनश्याम शर्मा भी उपस्थित रहेंगे। सभी पक्षों को शामिल किया जा रहा है।
एनपीएस कर्मियों के आंदोलन से अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ने किनारा किया था। वह न तब शामिल हुआ और न अब इसका हिस्सा है। महासंघ बातचीत करवाने में मध्यस्थता कर रहा है। यह संगठन कर्मचारियों का न केवल बड़ा संगठन है बल्कि इसे राज्य सरकार से भी मान्यता प्राप्त है।
कर्मचारियों के मसलों को लेकर जो भी शिकायतें व समस्याएं हैं उन पर चर्चा की जा रही है। बोर्ड ने कई संगठनों के साथ बातचीत की है। एनपीएस कर्मियों के मामले में एक दौर की वार्ता बोर्ड के साथ हो चुकी है। उसी में तय हुआ था कि अब हाईपावर कमेटी की बैठक होगी।
एनपीएस कर्मचारी संघ को भी बातचीत के लिए बुलाया है। अगर वार्ता में मांग पूरी नहीं की तो आंदोलन और तेज होगा। राज्य विधानसभा का हर हाल में घेराव होगा। यदि सरकार हमारी मांग को मान लेती तो इसे आभार रैली के रूप में तब्दील किया जाएगा।