बरेली। बरेली में बंदरों के आतंक का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां चार माह के मासूम को गोद में लेकर छत पर टहला रहे एक व्यक्ति पर बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया। जिसके बाद एक बंदर ने उनकी गोद से मासूम को छीन कर तीन मंजिल की छत से नीचे फेंक दिया। जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। बरेली में घटित हुआ ये मामला शुक्रवार की शाम का है। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
मामला दुनका गांव का है। जहां रहने वाले किसान निर्देश उपाध्याय अधिक गर्मी होने के कारण अपने चार माह के बेटे को गोद में लेकर छत गए थे। जहां वह उसे रोज की भांति शुक्रवार को भी टहला रहे थे। शाम करीब आठ बजे वह बेटे व पत्नी स्वाती के साथ टहल रहे थे। तभी अचानक बंदरों का झुंड छत पर आया तो उन्होंने आवाज लगाकर भगाने का प्रयास किया।
इतने में कुछ बंदरों ने स्वाती .पर झपट्टा मारा, वह बचकर नीचे भाग गईं। यहां कुछ बंदरों ने निर्देश को घेर लिया था। जब तक वह कुछ समझ पाते तब तक बंदरों ने उन पर हमला बोल दिया। बंदरों ने उन्हें कई जगह काटा। इसलिए वह भी सीढ़ियों की तरफ भाग रहे थे।
इधर हमले से हड़बड़ाए निर्देश की गोद से उनका बेटा छिटक रहा था। इतने में बंदर ने उसे झपटकर उछाल दिया। कुछ ही पलाें में निर्देश और स्वाती की दुनिया उजड़ गई। उनका बेटा हमेशा के लिए दुनिया से चला गया। क्षेत्रवासियों ने बताया कि सुबह भी बंदरों ने गौरव की बेटी अंजनि, मुनीष की छह वर्षीय बेटी सृष्टि को काट लिया था। गाैरतलब है कि बरेली में इससे पहले भी घटनाएं कई घट चुकी है।