लखनऊ। तपती धूप और गर्मी के बाद मानसून ने प्रदेश में दस्तक दे दी है। सोमवार को सोनभद्र के चुर्क से मानसून की बारिश ने मौसम सुहाना किया है। हालांकि, अभी लखनऊ समेत अधिकतर जिलों में बदली और धूप की आवाजाही जारी रहेगी। बादलों की आवाजाही ने शहर की हवा को भी सुधार दिया है। लखनऊ का एक्यूआइ सोमवार को 70 पर दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज और चमक की चेतावनी जारी की है।
सोमवार को सोनभद्र, झांसी, प्रयागराज, श्रावस्ती, मुरादाबाद, बलिया, ललितपुर, मिर्जापुर आदि जिलों कुछ स्थानों पर एक से तीन सेंटीमीटर तक के बीच में बारिश दर्ज की गई है। वहीं, आने वाले दिनों में सिद्धार्थनगर, महाराजगंज और कुशीनगर के साथ आसपास के जिलों में बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश का अनुमान लगाया गया है। राजधानी में सोमवार को अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बादलों की आवाजाही और बूंदाबांदी के चलते प्रदेश में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सबसे अधिक तापमान कानपुर में 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम तापमान मुजफ्फरनगर में 22.1 डिग्री सेल्सियस और मेरठ में 22.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।