मोदीपुरम। पिछले पांच दिन से चल रही बर्फीली हवाओं का असर कम नहीं हो रहा है। बुधवार को 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा और दिन में निकली धूप के बीच जोर आजमाइश रही। जिसके चलते दिन के तापमान में 5 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो ठंड का असर बना रहेगा।

पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और वहां से घूमकर आ रही बर्फीली हवाओं से वेस्ट यूपी के लोग कांप रहे हैं। पिछले एक सप्ताह में बुधवार को धूप दिन में अन्य दिनों की अपेक्षा अच्छी रही है। जिस कारण से दिन का तापमान भी बढ़ गया। मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री व रात का न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना कि बृहस्पतिवार को भी हवा का असर बना रहेगा। हवा के चलते सुबह के समय कोहरा हल्का रहेगा, लेकिन हवा के कारण ठंड अभी ऐसे ही बरकरार रहेगी। भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष का कहना है कि रात में पाला पड़ रहा है और दिन में हवा की रफ्तार तेज है। रात के समय पाला पड़ने से फसलों को भी नुकसान होगा और मौसम भी सर्द रहेगा। सर्दी का असर अभी एक सप्ताह तक ऐसे ही बना रहेगा।