मेरठ| मेरठ के इंचोली थाना क्षेत्र के एक गांव के जंगल में महिला की दुपट्टे से गला घोटकर हत्या कर दी गई। शरीर पर चोट के निशान हैं। परिजन सामूहिक दुष्कर्म की भी आशंका जता रहे हैं। सूचना पर फोरनेसिक टीम ने जांच की। परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।
इंचोली थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार सुबह अनुसूचित जाति की महिला अपने खेतों पर काम करने के लिए निकली थी। पति उससे पहले खेत पर जा चुका था। दोपहर तक खेतों पर नहीं पहुंचने पर पति घर आया और बच्चों से पूछताछ की।
उन्होंने बताया कि वह सुबह 6:00 बजे ही घर से निकल गई थी। परिजनों, ग्रामीणों ने मिलकर महिला की तलाश की। दोपहर 1.30 बजे घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर मुख्य रास्ते से करीब 50 मीटर अंदर ईंख के खेत में महिला का शव पड़ा मिला।
महिला के गले में दुपट्टे से फंदा लगा हुआ था। चेहरे, हाथों पर चोट के निशान थे। सूचना पर इंचोली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। और परिजनों से पूछताछ की। वही फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की।
इंचोली थाना पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना पर सीओ सदर देहात देवेश सिंह मौके पर पहुंचे। परिजनों ने महिला से सामूहिक दुष्कर्म का भी आरोप लगाया है। परिजनों द्वारा इंचोली थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या वह सामूहिक दुष्कर्म की आशंका की तहरीर दी गई है।
ग्रामीणों के मुताबिक महिला का पति मजदूरी करता है वह अपनी कुछ खेती भी है। बेटा एक जगह लेदर की बॉल बनाने का काम करता है। वहीं बेटी एक बीकॉम व नौंवी कक्षा की छात्रा है।