शामली। नगर निकाय निवार्चन प्रक्रिया की तैयारी शुरू हो चुकी हैं। जिले में 40 सुपरवाइजर, 382 बीएलओ की देखरेख में चुनाव कराए जाएंगे। इस बार दस नगर निकाय चुनाव में 173 वार्ड शामिल होंगे। जिले की कैराना नगर पालिका परिषद में सबसे ज्यादा 28 वार्ड में चुनाव होंगे।
जिले में दस नगर निकाय में तीन नगर पालिका शामली, कैराना, कांधला हैं। सात नगर पंचायत में एलम, जलालाबाद, ऊन, गढ़ीपुख्ता, बनत, झिंझाना, थानाभवन शामिल हैं। हाल ही में कैराना नगर पालिका परिषद का सीमा विस्तार होने के बाद वार्डों की संख्या 25 से बढ़कर 28 हो गई है। निकाय पंचायत चुनाव कार्यालय के आंकड़ों के मुताबिक कांधला में 25, शामली में 25 वार्ड हैं। नगर पंचायत एलम में 12, जलालाबाद में 15, ऊन में 12, गढ़ीपुख्ता में 11, बनत और झिंझाना में14-14 वार्ड हैं। सभी निकायों में कुल मिलाकर 173 वार्ड हैं।
वर्ष 2017 में हुए दस नगर निकाय चुनाव में जिले में कुल 301654 मतदाता थे, जिनमें 159384 पुरुष और 142306 महिला वोटर शामिल थे। इस साल नगर निकायों के चुनाव का कार्यकाल दिसंबर में समाप्त हो रहा है। नगर निकायों के कार्यकाल समाप्ति को देखते हुए जिला प्रशासन ने निर्वाचन 2022 की तैयारियां शुरू कर दी है।
डीएम जसजीत कौर जिले के एडीएम, एसडीएम-तहसीलदारों की बैठक लेकर निर्वाचन में सुपरवाइजर, बीएलओ व अन्य चुनाव अधिकारियों को तैनात करने के निर्देश दे चुकी हैं। नगर निकाय के निर्वाचन कार्यालय प्रभारी हरी सिंह ने बताया कि नगर निकाय चुनाव के लिए जिले में 40 सुपरवाइजर और 382 बीएलओ लगाए जाएंगे। सुपरवाइजर के लिए ग्राम विकास अधिकारी और बीएलओ सहायक अध्यापक लगाए जाएंगे। हालांकि राज्य चुनाव आयोग की ओर से अभी तक नगर निकाय चुनाव की मतदाता सूची तैयार नहीं हुई है। मतदाता सूची तैयार होने और वार्डों का परिसीमन जारी होने और आरक्षण घोषणा के बाद नगर निकाय चुनाव कार्यक्रम जारी होता है। निकायों का कार्यकाल दिसंबर माह में पूरा हो रहा है।
कांधला- 16817 – 15401 – 32318
कैराना- 34560 – 30534 – 65094
शामली- 48432 – 43148 – 91580
एलम- 5772 – 4895 – 10667
जलालाबाद- 10619 – 9773 – 20392
ऊन- 7127 – 6167 – 13294
गढ़ीपुख्ता- 5186 – 4656 – 9842
बनत- 7489 – 6599 – 14088
झिंझाना- 7717 – 6720 – 14437
थानाभवन- 15629 – 14413 – 30042
कुल योग- 159348 – 142306 – 301654