शामली। कांधला थाना क्षेत्र के गांव खंद्रावली के निकट पूर्वी यमुना नहर में दोस्तों के साथ नहाने आए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। परिजनों की मदद से शव तीन दिन के बाद पुलिस ने बरामद कर लिया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक कक्षा 12वीं में पढ़ता था। 22 अप्रैल को कैराना कोतवाली क्षेत्र के गांव अलीपुर निवासी प्रमोद शर्मा का 19 वर्षीय पुत्र कार्तिक शर्मा गांव के ही अपने दोस्त दीपक, अर्जुन, राजा के साथ बाइक पर सवार होकर क्षेत्र के गांव खंद्रावली की पूर्वी यमुना नहर में नहाने के लिए आया था। जैसे ही कार्तिक ने अपने दोस्तों के साथ नहर में नहाने के लिए छलांग लगाई तो कार्तिक नहर में डूब गया। दोस्त घबराकर मौके से फरार हो गए।

वहीं, हादसे की परिजनों को कोई भी जानकारी नहीं दी। जब कार्तिक शाम तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दी। कार्तिक का कोई सुराग न लगने पर दोस्तों से परिजनों ने सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि नहर में नहाते समय डूब गया था। हम लोगों ने डर के कारण आप लोगों को जानकारी नहीं दी। सूचना के बाद परिजन पूर्वी यमुना नहर पर पहुंच गए और पुलिस की मदद से नहर में डूबे युवक कार्तिक के शव को फतेहपुर पुलिया के निकट से बरामद कर लिया।