नई दिल्ली. भारत ही नहीं दुनियाभर में लोगों को वाहन चलाना पसंद होता है। लेकिन वाहन चलाते समय हम ऐसी गलतियां कर देते हैं जिनके कारण कई बार हमारी जान पर बन आती है। इस खबर में हम आपको ऐसे ही तीन कामों के बारे में बता रहे हैं जिनके कारण वाहन चलाते समय हम हादसे का शिकार हो सकते हैं।

अक्सर लोग कार चलाते समय मोबाइल फोन पर या तो बात कर रहे होते हैं या फिर मैसेज को देख रहे होते हैं। ऐसा करते समय वो ये भूल जाते हैं कि वो सड़क पर अकेले नहीं हैं। सड़क पर दूसरे वाहन भी मौजूद रहते हैं। कार चलाते समय अगर मोबाइल का उपयोग किया जाता है तो इससे हम अपने साथ दूसरों की सुरक्षा को भी खतरे में डाल देते हैं। कई बार लोग कार चलाते समय मोबाइल का उपयोग करते हैं जिससे सड़क पर ध्यान नहीं होता और हादसा होने का खतरा बढ़ जाता है।

कार में मोबाइल चलाना और बाइक चलाते समय हेडफोन लगाना, भारत में काफी आम है। बाइक चलाते समय कई लोगों को फोन आने पर पता नहीं चलता और कुछ लोगों को बाइक चलाते समय बात करना या गाने सुनना पसंद होता है। इसलिए ऐसे लोग बाइक चलाते समय हेडफोन का उपयोग करते हैं। हेडफोन का उपयोग करना गलत नहीं है लेकिन अगर आप वाहन चला रहे हैं तो कभी हेडफोन का उपयोग नहीं करना चाहिए।

कार चलाते समय गाने सुनना किसे पसंद नहीं होता। कुछ लोगों को कार में तेज आवाज में गाने बजाना पसंद होता है। इसके लिए शौकीन लोग आफ्टर मार्केट स्पीकर, सब-वूफर, एंपलीफायर और बेस ट्यूब लगाने से भी परहेज नहीं करते। ऐसा करने के बाद जब कार में तेज आवाज में म्यूजिक चलाया जाता है तो इससे सड़क पर दूसरे लोगों को असुविधा तो होती ही है, साथ ही कार चलाने वालों को दूसरे वाहनों के हॉर्न की आवाज सुनाई नहीं देती। तेज आवाज में गाने चलाना भी हानिकारक होता है।

इस खबर में बताए गए तीनों में से एक काम को करने भी हम यातायात नियमों का उल्लंघन करते हैं। ऐसा करने पर पुलिस कार्रवाई भी कर सकती है और चालान भी काट सकती है। इसके अलावा ऐसा करते समय हम अपने साथ ही दूसरों की जान को भी खतरे में डालते हैं।