नई दिल्ली : एक बार फिर भारत के कई राज्यों में बारिश की दस्तक के आसार हैं। IMD यानी भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली, पंजाब समेत कई राज्यों में बारिश की संभावनाएं जताई हैं। साथ ही कहा है कि आने वाले कुछ दिनों तक बारिश का दौर बरकरार रह सकता है। इस दौरान राजस्थान के भी कई हिस्सों में बारिश हो सकती है।
IMD की तरफ से जारी ताजा अलर्ट के मुताबिक, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिम उत्तर प्रदेश में बारिश के आसार हैं। 19 फरवरी से 21 फरवरी तक इन क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार की सुबह दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
IMD का अनुमान है कि पंजाब में 18 फरवरी से 21 फरवरी तक आंधी और गरज की संभावनाएं हैं। हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और पश्चिम उत्तर प्रदेश में 19 से 21 फरवरी तक ऐसा मौसम बन सकता है। वहीं, राजस्थान में 19-20 फरवरी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 20-22 फरवरी को मौसम बदल सकता है। मौसम विभाग ने सोमवार को दिल्ली में तेज हवाओं के साथ बारिश होने और मंगलवार तथा बुधवार को बादल छाए रहने, मध्यम बारिश या बूंदाबांदी होने अनुमान जताया है।
मौसम विभाग के अनुसार एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 19 फरवरी को उत्तर-पश्चिमी राजस्थान व आसपास के क्षेत्र के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बनने की प्रबल संभावना है। इसके प्रभाव से 19-20 फरवरी को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर व भरतपुर संभाग के कुछ भागों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।