मेरठ। मेरठ में बैंक कर्मचारियों को धमकी और रंगदारी मांगने के आरोप में गिरफ्तार हुए कुख्यात उधम सिंह की पत्नी चेयर पर्सन पुष्पा देवी का गुरुवार देर रात को एक बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि पुलिस उसके पति का एनकाउंटर कर सकती है। पत्नी ने आरोप लगाया कि गुरुवार को गिरफ्तारी के बाद जेल ले जाने के दौरान पुलिस ने रास्ते में कई जगह गाड़ी रोककर उधम सिंह को परेशान किया और उसे टॉर्चर करते हुए प्रेशर बनाया।
उधम सिंह की पत्नी पुष्पा देवी ने जारी बयान में कहा कि पुलिस-प्रशासन उनके पति की पुलिस हिरासत में हत्या करवा सकता है। एनकाउंटर करने की आशंका जताते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री व आला अफसरों को इस मामले की सूचना देने की बात कही है। उन्होंने उधम सिंह के अधिवक्ता अमरपाल भट्ठल से भी इस मामले में आला अफसरों से शिकायत करने को कहा है।
रंगदारी मांगने पर कुख्यात उधम सिंह फिर गिरफ्तार
बैंककर्मियों को धमकाकर रंगदारी मांगने के मामले में कुख्यात उधम सिंह को पुलिस ने गुरुवार को फिर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस का दावा कि उधम सिंह जेल से छूटने के बाद घर पर रहकर गैंग चला रहा था। तीन दिन से बैंककर्मियों को धमका रहा था। जिससे दहशत का माहौल था।
उधम 10 दिन पहले बाराबंकी जेल से जमानत पर बाहर आया था। पुलिस ने बताया है कि उधम सिंह गांव में इंडियन बैंक में 19 व 20 जुलाई को अपने कुछ साथी भेजे थे। बैंक मैनेजर और कर्मचारियों को अपने घर पर बुलाया। बार-बार बुलाने पर बैंक के दो कर्मचारी सतीश कुमार और उमेश गुप्ता उधम के घर पर पहुंचे थे। उधम ने तीन-तीन लाख का लोन नगर पंचायत के 30 संविदा कर्मचारियों को देने का उनपर दबाव बनाया। बैंक कर्मचारियों ने कहा कि इन संविदा कर्मचारियों को लोन नहीं दिया जा सकता। जिस पर उधम सिंह धमकी देने लगा।
मंगलवार को उधम सिंह 20-25 लोगों को साथ लेकर जाकर बैंक के बाहर पहुंचा। मैनेजर को जबरन बाहर आने को कहा। मैनेजर के नहीं आने पर जान से मारने की धमकी देकर उधम चला गया। जिसके चलते बैंक कर्मचारियों में दहशत फैल गई। बैंक मैनेजर गौरव राजपूत और अन्य कर्मचारियों ने एडीजी मेरठ जोन में इसकी शिकायत की। एडीजी ने एसपी देहात को जांच करके कार्रवाई करने की बात कही। गुरुवार को एसपी देहात केशव कुमार व सीओ सरधना आरपी शाही पुलिस फोर्स और एक कंपनी पीएसी के साथ उधम सिंह के गांव करनावल पहुंच गए।
पुलिस उधम को पकड़कर सरूरपुर थाने ले आई। उसके पीछे-पीछे उधम की मां सुमित्रा व चेयरमैन पत्नी पुष्पा भी ग्रामीणों के साथ थाने में पहुंच गई। पुलिस ने बैंक के मैनेजर की तहरीर पर रंगदारी मांगने, जान से मारने की धमकी, सरकारी कार्य में बाधा डालने की धारा में मुकदमा दर्ज किया है। कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। बैंक कर्मचारियों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद उधम सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बैंक में भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। उधम शातिर अपराधी है। वह बड़ी वारदात भी कर सकता था।