अंबेडकरनगर। भाई की बेटी के निधन की सूचना पर उसके घर जा रहे पिता-पुत्र की सड़क हादसे में मौत हो गई। दुर्घटना शनिवार की देर रात जलालपुर नेवरी मार्ग पर हुई है। पुलिस दुर्घटना करने वाले वाहन की तलाश में जुटी है। आजमगढ़ जनपद के अतरौलिया के भगतपुर निवासी लालचंद अपने पुत्र साहब दीन कन्नौजिया के साथ शनिवार रात 10 बजे के करीब मोटरसाइकिल से यहां हैदराबाद ग्राम पंचायत के मजरे कोइरीपूरा में नेवासे पर रह रहे भाई फूलचंद कन्नौजिया की बेटी की मौत सुन उनके घर जा रहे थे।
दोनों रफीगंज चौकी क्षेत्र के द भियांव अस्पताल के पास पहुंचे थे कि सामने से आ रहे अनियंत्रित तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से पिता-पुत्र सड़क पर गिर पड़े हेलमेट दूर छिटक गया। दोनों का सिर फट गया। रात में पिता-पुत्र घायलावस्था में घंटों सड़क पर पड़े रहे। रात 11 बजे के करीब वहां से गुजर रहे किसी राहगीर ने पुलिस को दुर्घटना होने की जानकारी दी। रफीगंज चौकी प्रभारी अमलेश यादव गंभीर रूप से घायल पिता-पुत्र को भियांव सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सक ने दोनों को परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। चौकी प्रभारी ने बताया कि स्वजन को सूचना दी गई है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। अज्ञात वाहन का सुराग लगाया जा रहा है।
आजमगढ़ जनपद के भगतपुर निवासी लालचंद कन्नौजिया और फूलचंद कन्नौजिया दोनों सगे भाई है। फुलचंद कन्नौजिया भियांव विकास खंड के हैदराबाद ग्राम पंचायत के मजरे कोइरी पूरा में नेवासे पर बीते कई वर्षों से रहते है। शनिवार को मुंबई में रह रही फूलचंद की बेटी राज कुमारी की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। शव गांव लाया जा रहा था। अंतिम दर्शन के लिए पिता-पुत्र आ रहे थे। विधि का विधान देखिए मृत बेटी के अंतिम दर्शन की कौन कहे खुद काल का शिकार हो गए। परिवार में एक साथ तीन मौत से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दोनों गांवों में भी मातम छा गया। रविवार को मुंबई से बेटी का शव गांव पहुचेगा, उधर शाम को पोस्टमार्टम के बाद पिता-पुत्र का शव आजमगढ़ गांव जाएगा।