कन्नूर. इन दिनों केरल की एक महिला ना सिर्फ भारतीय मीडिया बल्कि विदेशी ऑनलाइन मीडिया में छाई हुई है। यह महिला अपनी शानदार और नुकीली मूंछों को लेकर इन दिनों चर्चा में हैं। इस महिला ने कई स्टीरियोटाइप को तोड़ने का काम किया है। महिला की मूंछे देखकर लग रहा है कि यह किसी पुरुष की मूंछें हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। फिलहाल महिला की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।

दरअसल, यह महिला केरल के कन्नूर जिले की रहने वाली है। बीबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक 35 वर्षीय इस महिला का नाम शायजा है। शायजा की मूंछे इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं। पहले बहुत से लोग उनका मजाक भी बनाते थे लेकिन शायजा को इससे फर्क नहीं पड़ता कि लोग क्या कहते हैं। शायजा को मूंछें रखना पसंद है।

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि उनके अपर लिप्स पर बाल की ग्रोथ काफी ज्यादा है। इसके अलावा उनकी भौं और अन्य फेशियल हेयर्स भी तेजी से उगते हैं। धीरे-धीरे शायजा ने खुद को इसी तरह से अपना लिया है और अब वो बालों को साफ नहीं करतीं। हालांकि इसके लिए उन्हें काफी ताने सुनने पड़े। लोग उनसे यह जरूर पूछते हैं कि आखिर वह अपने बालों को साफ क्यों नहीं करती हैं।

शायजा का कहना है कि पहले वो अपने फेशियल हेयर्स को हमेशा साफ करवाती थीं लेकिन करीब पांच साल पहले उन्हें लगा कि अब उन्हें बालों को साफ करने की जरूरत नहीं है। उनके बाल ज्यादा घने होने लगे तो शायजा ने बालों को साफ करना पूरी तरह बंद कर दिया। और अब उन्हें अपने बाल पसंद हैं, वो खुद को इसी तरह से अपना चुकी हैं।

रिपोर्ट में इस बात का भी जिक्र है कि शायजा कई सालों तक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझी हैं। बीते दस वर्षों में उनकी छह सर्जरी हुई है, एक में उनके ब्रेस्ट से गांठें हटाई गईं, तो दूसरे में उनके गर्भाशय से ट्यूमर निकाला गया। पांच साल पहले उनकी आखिरी सर्जरी हिस्टेरेक्टॉमी (गर्भाशय को हटाने) की हुई है। कई स्वास्थ्य समस्याओं से बाहर आने से शायजा मजबूत ही हुई हैं।