नई दिल्ली. रूस ने शुक्रवार तड़के यूक्रेन के कई शहरों में हमले किए। इसके बाद राजधानी कीव में ब्लैक आउट हो गया। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बातचीत की और यूक्रेन पर हो रहे हमलों को रोकने की अपील की है। यूक्रेन के कीव में कई जगहों पर लोगों ने धमाकों की आवाजें सुनी हैं।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पीएम मोदी ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन के साथ टेलीफोन पर बातचीत की और कूटनीति के अपने आह्वान को दोहराया है। रुस की ओर से यह बयान जारी किया गया है। समरकंद में एससीओ शिखर सम्मेलन के मौके पर अपनी बैठक के बाद दोनों नेताओं ने बातचीत की थी। इस बातचीत में ऊर्जा, व्यापार, निवेश, रक्षा, सुरक्षा के साथ ही कई अन्य मुद्दों सहित द्विपक्षीय संबंधों को लेकर समीक्षा की थी।

वहीं पीएम मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन को जी-20 की भारत की वर्तमान अध्यक्षता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने शंघाई सहयोग संगठन की भारत की अध्यक्षता के दौरान दोनों देशों के एक साथ काम करने की भी उम्मीद की। दोनों एक दूसरे के साथ नियमित संपर्क में रहने पर सहमत हुए। बता दें कि आज तड़के सुबह ही यूक्रेन के कई शहरों पर रूसी सेना ने हमला बोल दिया। राजधानी कीव के मेयर ने शहर के मध्य जिलों में कई धमाकों की आवाजों को सुना। रूस ने ऊर्जा सुविधाओं और बुनियादी ढांचे पर एक बड़ा मिसाइल हमला किया। सोशल मीडिया पर स्थानीय अधिकारियों ने राजधानी कीव, दक्षिणी क्रीमिया और पूर्वोत्तर खार्किव में धमाकों की जानकारी दी।

अधिकारियों ने देशभर में हवाई हमले की चेतावनी दी है। खार्किव के मेयर ने मीडिया को बताया कि शहर में बिजली नहीं है। कई धमाकों की आवाजें सुनाई दी हैं। स्थानीय लोगों को घरों या बंकरों से नहीं निकलने की चेतावनी दी गई है। जबकि पूर्वी खार्किव के गवर्नर ने कहा कि रूसी हमलों के बाद मुख्य शहर बिजली के बिना था। ऐसे में कीव शहर में ब्लैक आउट हो गया है। साथ ही आने वाले दिनों में यूक्रेन में हालात और भी खराब हो सकते हैं।