मेरठ। अंतरराष्ट्रीय गोतस्कर अकबर बंजारा के भाई सलीम बंजारा समेत चार आरोपितों के खिलाफ फलावदा थाना पुलिस ने गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज किया है। उनकी 50 करोड़ रुपये की संपत्ति भी पुलिस ने चिह्नित कर ली है। पुलिस अब कोर्ट से आदेश लेकर अवैध तरीके से अर्जित करोड़ों रुपये की इस संपत्ति को जब्त करेगी।

शास्त्रीनगर में है अकबर का आलीशान बंगला
एसपी देहात केशव कुमार ने बताया कि नौचंदी थानाक्षेत्र के शास्त्रीनगर सेक्टर 11 में अकबर का आलीशान बंगला है, जिसकी कीमत करोड़ों रुपये है। तीन मकान फलावदा कस्बे में हैं। 155 बीघा कृषि भूमि बहसूमा में है। 20 बीघा महलका, 18 बीघा नारनौल, 20 बीघा मारवाड़ी, नौ बीघा फलावदा और नौ बीघा जमीन बदनौरा में है। लिसाड़ी गेट के सौ फुटा रोड पर 15 दुकानें और तीन मकान भी अकबर ने बना रखे हैं। समसपुर में 53 बीघे का आम का बाग है, जो तरुण मांगलिक से खरीदा था। इस बाग की कीमत सात करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।

बिजनौर में भी है 50 बीघा जमीन
बिजनौर में भी 50 बीघा जमीन अकबर बंजारा के परिवार पर है। माना जा रहा है कि सभी जमीन की कीमत 50 करोड़ रुपये से ज्यादा है। फलावदा पुलिस ने अकबर बंजारा के भाई सलीम बंजारा, गांव के ही बाबू खां, पंजाब के रंजीत कुमार और संभलहेड़ा (मुजफ्फरनगर) के इकबाल के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। चारों आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगा दी हैं। आरोपितों को जेल भेजने के बाद अकबर की संपत्ति की जब्तीकरण प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

बांग्लादेश बार्डर पर भी फार्म हाउस
पुलिस के अनुसार असम में बांग्लादेश बार्डर पर भी अकबर का फार्म हाउस है, जिसे गोकशी का अड्डा बना रखा था। इसका भी रिकार्ड मांगा जाएगा ताकि फार्म हाउस जब्त किया जा सके। बता दें कि अकबर बंजारा और उसके भाई सलमान को पुलिस कस्टडी में मेरठ से ले जाकर असम में हमले के दौरान मार गिराया था। तभी से पुलिस उसकी संपत्ति की जांच कर रही है।