सहारनपुर। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासिचव प्रियंका गांधी किसानों का दर्द जानने के लिए आज उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पहुंची हैं। अपने तय समय से कुछ देर बाद पहुंचीं प्रियंका गांधी ने सबसे पहले शाकंभरी देवी मंदिर में दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने मंदिर में मत्था टेककर पूजा-अर्चना की।
इस दौरान प्रियंका गांधी के साथ-साथ कांग्रेस के दिग्गज नेता इमरान मसूद और प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू रहे। उधर, प्रियंका गांधी के साथ सेल्फी लेने वालों की भी मंदिर परिसर में काफी भीड़ रही। वहीं कई लोगों ने दूर से ही प्रियंका गांधी के साथ सेल्फी ली। बता दें कि ग्राम रायपुर स्थित खानकाह में हजरत रायपुरी की दरगाह में हाजरी लगाने के बाद प्रियंका गांधी चिलकाना में किसान महापंचायत को संबोधित करेंगी। प्रियंका गांधी ने आज सुबह ही ट्वीट कर लिखा था कि किसानों के दिल की बात सुनने, समझने, उनसे अपनी भावनाएं बांटने और उनके संघर्ष का साथ देने आज सहारनपुर में रहूंगी। उन्होंने ट्वीट में यह भी लिखा कि भाजपा सरकार को काले कृषि कानून वापस लेने होंगे। कांग्रेस हर हाल में उत्तर प्रदेश में अपनी खोई जमीन को हासिल करने की कोशिश में लगी है।
वहीं आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रियंका गांधी भी काफी सक्रिय हैं। वह अगले कुछ दिनों में पश्चिमी यूपी में चार किसान महापंचायत को संबोधित करेंगी। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासिचव प्रियंका गांधी ने सहारनपुर के प्रसिद्ध शाकंभरी देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर राजनीति में सफलता हासिल करने का संकल्प लिया है।