चंडीगढ़. पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह और मां चरण कौर शुक्रवार सुबह अचानक विदेश चले गए। विदेश जाने के बारे में उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। हालांकि पिता बलकौर सिंह ने पिछले हफ्ते कहा था कि उनके बेटे का कई देशों में कारोबार फैला हुआ है। जिसे वह 2 महीने में समेट लेंगे।
माना जा रहा है कि वह इसी वजह से विदेश गए हैं। हालांकि जब उनसे इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह इस पर कुछ नहीं कहना चाहते। सिद्धू मूसेवाला की 29 मई को मानसा में गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। जिसकी जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग के कनाडा बैठे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने ली थी।
कनाडा से शुरू हुआ था मूसेवाला का म्यूजिक करियर
सिद्धू मूसेवाला पढ़ाई के लिए कनाडा गए थे। वहीं से उनका प्रोफेशनल म्यूजिक करियर शुरू हुआ। कनाडा में उन्होंने अपना पहला गाना G Wagon रिलीज किया था। जिसके बाद लाइव परफार्मेंस भी दी थी। अक्टूबर 2018 में मूसेवाला का पहला एलबम PBX 1 आया था।
हत्या से पहले दुबई में शो किया
मूसेवाला ने हत्या से पहले दुबई में शो किया था। यह शो उनका मानसा में कांग्रेस टिकट पर चुनाव हारने के बाद हुआ था। जिसमें बेबाकी से मूसेवाला ने अपनी चुनावी हार का भी जिक्र किया था। मूसेवाला ने मानसा के लोगों को भरोसा दिया था कि भले ही वह चुनाव हार गए लेकिन लोगों के लिए काम करते रहेंगे।