मुरादाबाद । भारत जोड़ा यात्रा की शुरुआत शनिवार से होगी। इसमें राहुल गांधी भाग लेंगे। यात्रा के लिए सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की गई है। इसके अलावा कार्यकर्ताओं को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा मुरादाबाद में शनिवार को निकलेगी। इसके लिए सभी प्रकार की व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई है। कांग्रेस पदाधिकारियों को इसके लिए जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद राहुल गांधी को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है। इसलिए उनकी सुरक्षा में छह सरकारी वाहन लगेंगे।
राहुल गांधी के साथ सीआरपीएफ के जवान मौजूद रहेंगे। राहुल गांधी की सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ के साथ पुलिस फोर्स और प्रशासनिक अधिकारी छह वाहनों के साथ मौजूद रहेंगे। डीएम ने न्याय यात्रा की सुरक्षा के लिए अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। पुलिस अधिकारियों के अलावा न्याय यात्रा के आसपास मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे।
लोनिवि के अधिशासी अभियंता कार्यक्रम स्थल पर बैरिकेडिंग की जांच करेंगे। विद्युत विभाग के अधिकारी भी अपनी ड्यूटी निभाएंगे, ताकि विद्युत कटौती न हो। मुख्य चिकित्साधिकारी भी वीआईपी के लिए व्यवस्था तैयार रखेंगे। रविवार को यात्रा अमरोहा से गुजरेगी। इसके चलते शहर में जाम लग सकता है।
जाम से निपटने के लिए यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान लागू किया है। कई इलाकों में ट्रैफिक का रूट बदला रहेगा। अमरोहा जिले में यात्रा के प्रवेश करते ही पाकबड़ा से कैलसा की तरफ आने वाले सभी भारी वाहनों को अगवानपुर की तरफ मोड़ दिया जाएगा। जबकि कांठ रोड की तरफ से आने वाला कोई भी वाहन शहर में प्रवेश नहीं करेगा।
उन्हें डाइवर्ट करके नौगांवा सादात बाइपास से याहियापुर की तरफ से निकाला जाएगा। टीएसआई धर्मेंद्र खोखर ने बताया की यात्रा को लेकर व्यवस्था दुरुस्त कर ली गई है। लोग शहर में ना आकर वैकल्पिक मार्गो से निकलें। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है। इमरजेंसी में वाहनों को प्रतिबंधित मार्ग से भी निकलवाया जाएगा।
राहुल गांधी मूंढापांडे एयरपोर्ट पर 9:35 बजे हेलीकाप्टर से उतरेंगे। इसके बाद 10 बजे मुरादाबाद स्थित जामा मस्जिद भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होंगे। न्याय यात्रा कोहिनूर तिराहा तक जाएगी। यहां राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी जनता को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोनों नेता अमरोहा के लिए रवाना होंगे। डेढ़ बजे अमरोहा पॉलीटेक्निक मैदान में जनसभा होगी। इसके बाद दोनों भाई बहन संभल जिले के चंदौसी में तीन बजे पहुंचेंगे। यहां जनसभा को संबोधित करने के बाद दोनों नेता अनूप शहर डीवाई जाएंगे।