चंडीगढ़. साध्वी यौन उत्पीड़न केस में सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा गुरमीत राम रहीम को आज सुनारिया जेल वापस लाया जाएगा। वह पिछले 21 दिन की फरलों पर बाहर आया हुआ था। रविवार को उसकी फरलो समाप्त हो गई थी। आज गुरुग्राम पुलिस कड़ी सुरक्षा में लेकर रोहतक पहुंचेगी। जिला पुलिस सांपला बॉर्डर से जेल तक साथ आएगी। जेल परिसर के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। राम रहीम की जेल वापसी को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सिरसा, गुरुग्राम और रोहतक समेत कई इलाकों में पुलिस अलर्ट पर है।

पहले भी जेल से बाहर आ चुका है बाबा

बता दें कि राम रहीम को अब तक कई बार जेल से बाहर आ चुका है। 12 मई 2021 को उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तब राम रहीम को 48 घंटे की पेरोल मिली थी। उसने गुरुग्राम में अपनी बीमार मां से मुलाकात की थी। इसके बाद 3 जून 2021 को जांच के लिए दोबारा PGIMS लाया गया था। 6 जून को इलाज के लिए गुरुग्राम के मेदांता मेडिसिटी में भर्ती कराया गया था।

कैसे रही 21 दिन की राहत

राम रहीम की फरलो की अवधि में हरियाणा में सियासत गर्म रही। सरकार से इसको लेकर सवाल जवाब किए गए तो राम रहीम की फरलो को बढ़ाए जाने को लेकर हाईकोर्ट में चुनौती दी गई। हालांकि इस याचिका पर हाईकोर्ट ने सुनवाई करते हुए फैसला अपने पास सुरक्षित रख लिया है। सुनवाई में हरियाणा सरकार और याची पक्ष की दलीलें सुनने और फरलो रिकॉर्ड देखने के बाद बैंच ने अपना फैसला सुरक्षित कर लिया। जस्टिस राज मोहन सिंह की बैंच में केस की सुनवाई हुई। अब कभी भी इस मामले में फैसला सुनाया जा सकता है।

किस सजा में जेल में है राम रहीम

बता दें कि दो हत्याओं और साध्वियों से दुष्कर्म मामले में डेरा प्रमुख सजा काट रहा है। सीबीआई की विशेष कोर्ट ने साध्वियों से दुष्कर्म के मामले में 2017 में सजा सुनाई थी। तभी से वह जेल में बंद थे। इसके बाद उसे पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में भी सजा सुनाई गई थी। अब फिर से 21 को फरलो पूरी होने के बाद उसे दोबारा जेल में डाल दिया जाएगा।