मेरठ। मेरठ में कृषि वि. स्थित वेटनरी कालेज के डीन राजबीर सिंह पर जानलेवा हमले के आरोपित कुख्यात अनिल बंजी और प्रोफेसर आरती भटेले समेत पांच आरोपितों पर गैंगस्टर के मुकदमे की संस्तुति कर दी गई है। साथ ही सभी की अवैध तरीके से कमाई संपत्ति की पड़ताल की जा रही है। ताकि 14ए के तहत संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई की जा सकें। अनिल बंजी कुख्यात संजीव जीवा गैंग से जुड़ा हुआ है।
11 मार्च को की थी फायरिंग
संजीव जीवा से ली गई एके-47 भी अनिल बंजी से बरामद की जा चुकी है। पुलिस ने अनिल की करोड़ों की कीमत की संपत्ति की जानकारी जुटा ली है। 11 मार्च को वेटनरी कालेज से लौटते समय डीन डा. राजबीर सिंह पर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। डीन को छह गोलियां लगी थीं। इस मामले में बिल्डर अनिल बालियान निवासी सिसौली मुजफ्फरनगर, प्रधान मुनेंद्र बाना निवासी चितोली थाना हाफिजपुर हापुड़, शूटर आशु चड्ढा निवासी मीरपुर कला हाफिजपुर, शूटर नदीम निवासी हसनपुर हाफिजपुर और वेटनरी कालेज के महिला प्रोफेसर आरती भटेले का नाम प्रकाश में आया था।
आरती अग्रिम जमानत पर
आरती भटेले फिलहाल अग्रिम जमानत पर हैं। अन्य बाकी सभी आरोपित जेल में बंद है। पुलिस ने नदीम को रिमांड पर लेकर हमले में इस्तेमाल की पिस्टल भी बरामद कर ली थी। सभी आरोपित बड़े ही कुख्यात हैं, उन्होंने अवैध तरीके से कमाई करोड़ों की संपत्ति अर्जित की हुई है। अनिल बंजी और आरती भटेले समेत पांचों आरोपितों पर गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे की संस्तुति कर दी गई है। दौराला थाने में जल्द ही उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।
संजीव जीवा से एके-47 भी अनिल बंजी ने खरीदी थी
अनिल बंजी ने जेल जाने से पहले अपनी एके-47को शामली ने अनिल के पास रख दिया था। एके-47 को कुख्यात संजीव जीवा से खरीदा गया था। संजीव जीवा हाल में बाराबंकी जेल में बंद है। एके-47 से ही राजबीर पर हमला करने का प्लान था। यह एके-47 जम्मू कश्मीर से संजीव जीवा ने खरीदी थी।
करोड़ों की संपत्ति का मालिक है अनिल बंजी
राजबीर पर हमले के आरोप में जेल में बंद अनिल बंजी के पास करोड़ों की संपत्ति है। पुलिस की जांच में सामने आया कि अनिल बंजी ने इस संपत्ति को अवैध तरीके से हासिल किया है। पुलिस 14ए के तहत अनिल बंजी, आरती भटेले और मुनेंद्र उर्फ माना की संपत्ति जब्त करने की तैयारी कर रही है।
इनका कहना है
अनिल बंजी बड़ा खतरानाक अपराधी है। उसने अवैध तरीके से करोड़ों की संपत्ति जमा की हुई है। उसके अन्य साथियों की संपत्ति की पड़ताल की जा रही है। गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज होते ही संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।