नई दिल्ली। राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा 2022 में सम्मिलित हुए लाखों उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण अलर्ट। राजस्थान राज्य के माध्यमिक विद्यालयों में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक कक्षाओं में अध्यापन के लिए पात्रता निर्धारित करने हेतु क्रमश: लेवल 1 और लेवल 2 दो स्तरों की रीट 2022 परीक्षा का आयोजन माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान (बीएसईआर) द्वारा 23 व 24 जुलाई 2022 को किया गया। परीक्षा के आयोजन के बाद इसमें सम्मिलित हुए 15 लाख से अधिक उम्मीदवार अब रीट 2022 आंसर-की का इंतजार कर रहे हैं। दूसरी तरफ, राजस्थान बोर्ड द्वारा रीट आंसर-की 2022 जारी किए जाने की तारीख को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई भी जानकारी साझा नहीं की गई है, लेकिन बोर्ड के सूत्रों से प्राप्त जानकारी के आधार पर प्रकाशित विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बीएसईआर रीट आंसर 2022 जल्द ही जारी कर सकता है।
उम्मीदवारों को ध्यान देना चाहिए कि राजस्थान बोर्ड द्वारा राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा (रीट) 2022 लेवल 1 और लेवल 2 के सभी क्वेश्चन पेपर सीरीज के लिए आंसर-की आधिकारिक पोर्ट्ल, reetbser2022.in पर जारी किए जाएंगे। ऐसे में परीक्षा में सम्मिलित हुए उम्मीदवार अपने सम्बन्धित लेवल के लिए इस पोर्टल पर एक्टिव किए जाने वाले रीट 2022 आंसर-की से डाउनलोड कर सकेंगे। साथ ही, बोर्ड द्वारा रीट आंसर-की 2022 जारी किए जाने के साथ उम्मीदवारों से उनकी आपत्तियों को भी आमंत्रित किया जाएगा, जिसे उम्मीदवार परीक्षा पोर्टल के माध्यम से ही दर्ज करा सकेंगे।
एक तरफ जहां रीट 2022 आंसर की का इंतजार राजस्थान राज्य के 15 लाख से अधिक उम्मीदवार कर रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ जागरणजोश के परीक्षा विशेषज्ञों द्वारा तैयार की गई रीट कट-ऑफ 2022 से उम्मीदवार अपने संभावित परिणाम का अनुमान लगा सकते हैं। आइए जानते हैं विभिन्न कटेगरी के अनुसार कितना रह सकता है लेवल 1 और लेवल 2 का कट-ऑफ:-
कटेगरी लेवल 1 लेवल 2
जनरल 90-95 अंक 85-90 अंक
ओबीसी 85-90 अंक 80-85 अंक
एससी 80-85 अंक 75-80 अंक
एसटी 75-80 अंक 70-75 अंक