नई दिल्ली । रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के अध्यक्ष और भारत के सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति मंगलवार को 100 अरब डॉलर को पार कर गई। वह पहले भारतीय हैं, जिनकी संपत्ति 100 अरब डॉलर के पार पहुंच गई। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के शेयरों की कीमतों में उछाल के कारण पिछले कुछ दिनों में अंबानी की कुल संपत्ति में काफी तेजी से वृद्धि हुई है। सोमवार को आरआईएल के शेयर की कीमत 52 सप्ताह के उच्च स्तर यानी रु. 2480 पर पहुंच गई थी।

ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक, सिर्फ शुक्रवार को ही मुकेश अंबानी के नेटवर्थ में 3.7 बिलियन डॉलर की रिकॉर्ड तेजी आई। शेयर में तेजी की वजह रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर भाव हैं। कंपनी का मार्केट कैप भी 15 लाख करोड़ रुपये को पार कर गया। मार्केट वैल्यू के हिसाब से सबसे बड़ी कंपनी का शेयर सेंसेक्स के शेयरों में सर्वाधिक लाभ में रहा। मार्केट कैपिटल का यह स्तर हासिल करने वाली रिलायंस देश की पहली कंपनी है।

इस तेजी के बाद ही उम्मीद जताई जा रही थी कि एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अंबानी जल्द ही 100 अरब डॉलर के आंकड़े को छू लेंगे। फिलहाल वह दुनिया के अमीरों की सूची में 11वें स्थान पर बने हुए हैं। अंबानी इस समय दुनिया के दिग्गज निवेशक वॉरेन बफे से सिर्फ थोड़ा सा ही पीछे हैं। बफे की संपत्ति कुल 102.6 बिलियन डॉलर है।

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, वॉरेन बफेट, लैरी एलिसन, स्टीव बाल्मर, सर्गेई ब्रिन, लैरी पेज, मार्क जुकरबर्ग, बिल गेट्स, बर्नॉड अर्नाल्ट और एलोन मस्क वर्तमान में $ 100 बिलियन क्लब में हैं। वहीं, अमेजन के जेफ बेजोस 200 अरब डॉलर के क्लब में शामिल इकलौते अरबपति हैं।

इसके साथ ही अंबानी एक बार फिर फोर्ब्स की दुनिया के शीर्ष 10 सबसे अमीर व्यक्तियों की सूची में स्थान हासिल कर सकते हैं। इस बीच, अमेज़न के जेफ बेजोस 201.3 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं। व्यवसायी महिलाओं में, फ्रेंकोइस बेटेनकोर्ट मेयर्स दुनिया की सबसे अमीर महिला हैं। उनकी कुल संपत्ति 92.7 अरब डॉलर है। भारत में सावित्री जिंदल 17.2 अरल डॉलर की संपत्ति के साथ सबसे अमीर महिला हैं।

RIL के चेयरमैन ने हाल ही में सस्ती ग्रीन हाइड्रोजन का प्रोडक्शन शुरू करने की घोषणा की थी। इसके अलावा कंपनी की टेलीकॉम सब्सिडियरी Jio का एवरेज रेवेन्यू पर यूजर (ARPU) भी बढ़ने की संभावना है। इससे जियो के वैल्यूएशन में बढ़ोतरी होगी।