नोएडा. नोएडा में बुधवार को राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी नोएडा की ग्रैंड ओमैक्स हाउसिंग सोसायटी पहुंचे हैं। वह अपने साथियों के साथ श्रीकांत की पत्नी अनु त्यागी से मुलाकात की। इससे पहले मंगलवार को त्रिलोक त्यागी ने नोएडा मीडिया क्लब में प्रेस वार्ता करते हुए श्रीकांत त्यागी मामले में एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाए थे।
पुलिस ने परिवार को किया प्रताड़ित
ग्रैंड ओमेक्स हाउसिंग सोसायटी पहुंचकर श्रीकांत के बच्चों का हालचाल जाना है। उन्होंने श्रीकांत के परिवार को आश्वासन दिया है कि राष्ट्रीय लोक दल पार्टी श्रीकांत के परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उन्होंने आरोप लगाते कहा कि पुलिस और प्रशासन ने इस मामले में एकतरफा कार्रवाई की है। श्रीकांत त्यागी के परिवार को पुलिस द्वारा प्रताड़ित किया गया है।
स्थानीय नेता की दबाव में कार्यवाही
त्यागी ब्राह्मण समाज की ओर से एक ज्ञापन राष्ट्रपति को भेजा गया है। ज्ञापन में कहा गया है कि श्रीकांत त्यागी ने नोएडा की सोसाइटी में भाजपा नेता की रिश्तेदारी से कहासुनी होने पर अभद्र भाषा का प्रयोग करके अपराध किया है। इसकी सजा उनको मिलनी चाहिए। लेकिन श्रीकांत की पत्नी का क्या कसूर था। जो उनके साथ पुलिस ने अवैधानिक ढंग से व्यवहार किया। त्यागी के दोनों बच्चों को प्रताड़ित किया गया। यह सब स्थानीय नेता के दबाव में किया गया है।
21 अगस्त को नोएडा का होगा घेराव
इस पूरे घटनाक्रम के विरोध में पश्चिम उत्तर प्रदेश समेत दिल्ली, उत्तराखंड, हरियाणा और राजस्थान के त्यागी समाज ने 21 अगस्त को नोएडा पहुंचकर पुलिस कमिश्नरेट का घेराव करने की घोषणा की है। अब इसी सिलसिले में बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर सहारनपुर और गौतमबुद्ध नगर में पंचायतों का दौर चल रहा है।
जेल में श्रीकांत त्यागी
आपको बता दें कि 5 अगस्त को ओमेक्स ग्रैंड हाउसिंग सोसाइटी में विवाद हो गया था। जिसमें श्रीकांत त्यागी ने एक महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया था। इस मामले को लेकर श्रीकांत त्यागी के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज किए गए। गैंगस्टर अधिनियम भी लगाया गया है। श्रीकांत त्यागी पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए फरार हो गया। पुलिस ने 4 दिन बाद श्रीकांत त्यागी को मेरठ से गिरफ्तार किया था।