मेरठ. पश्चिमी यूपी में किसानों के बीच जनाधार रखने वाला रालोद अब विधानसभा सीटवार पांच हजार व्हॉट्सएप ग्रुप बनाकर चुनाव प्रचार तेज करेगा। मेरठ जिले के हर गांव में 100 व्हॉट्सएप ग्रुप बनाकर वर्चुअल चुनावी जंग लड़ी जाएगी। रालोद के पास प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर तो आईटी सेल है लेकिन जिला स्तर पर सेल का गठन नहीं किया गया है। मेरठ जनपद में भी आईटी सेल का गठन करके कार्यालय तक नहीं बनाया गया है। पार्टी के जिलाध्यक्ष मतलूब गौड़ और जिला प्रवक्ता कमलजीत गुर्जर का कहना है कि अब पांच हजार व्हॉट्सएप ग्रुप बनाकर वर्चुअल प्रचार किया जाएगा। एक गांव में 100 ग्रुप बनाने का लक्ष्य कार्यकर्ताओं को दिया गया है।

रालोद सुप्रीमो चौधरी जयंत सिंह ने सोमवार को पार्टी के सभी जिला अध्यक्षों की वर्चुअल बैठक की। विधानसभा सीटवार 100 नेताओं को अपने नीचे सेक्टर बनाते हुए 5-5 आईटी एक्सपर्ट कार्यकर्ताओं को जोड़ने के निर्देश दिए। ये पांच-पांच कार्यकर्ता गांवों में 100 व्हॉट्सएप ग्रुप तैयार करेंगे और राष्ट्रीय स्तर से जारी होने वाले दिशा-निर्देशों, वीडियो और जानकारी को वोटरों तक पहुंचाने का काम करेंगे। क्षेत्रीय अध्यक्ष यशवीर सिंह ने बताया कि पार्टी वर्चुअल लड़ाई लड़ने में भी सक्षम है। आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए लोगों तक अपनी बात पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

रालोद सुप्रीमो चौधरी जयंत की पत्नी चारू चौधरी भी चुनाव को लेकर सक्रिय हो गईं हैं। सरकार के खिलाफ पूरी तरह से सोशल मीडिया पर सक्रिय हो गईं हैं। वह प्रत्याशियों के लिए प्रचार करेंगी। साथ ही वह महिलाओं को लामबंद करने की जिम्मेदारी रहेगी। सक्रिय राजनीति में उतरने की तैयारी कर रही चारू चौधरी इस वक्त सोशल मीडिया पर पूरी तरह से सक्रिय हो गई है। वह सरकार को हर मुद्दे पर घेर रही है। चारू चौधरी ने सोशल मीडिया के सहारे कहा है कि जनता को अगले पांच वर्ष के लिए उप्र का भविष्य का तय करना है, मार्च 2022 तक पांच किलो मुफ्त अनाज के लिए भाजपा व पांच वर्षों में अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था, रोजगार के लिए रालोद-सपा को वोट करें। मोदी का पंजाब में किसानों के रूट बाधित करने से लेकर जातियों व धर्म की राजनीति के विरोध के साथ ही सीएम योगी को लेकर भी चारू ने सोशल मीडिया पर कई टिप्पणी की है।

वर्चुअल तौर पर चुनाव में उतरने के लिए कांग्रेस ने रणनीति तैयार कर ली है। इसके लिए प्रदेश स्तर से सोशल मीडिया वॉरियर ग्रुप बनाने के निर्देश जारी किए गए हैं। इस ग्रुप के माध्यम से कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के डिजिटल स्टीकर सोशल मीडिया पर भेजे जा रहे हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष का दावा है कि सात विधानसभाओं में उनके 2350 व्हॉट्सएप ग्रुप संचालित हैं। पार्टी के सोशल मीडिया विभाग के अध्यक्ष पंडित रमनकांत शर्मा का कहना है कि हम पहले से ही सोशल मीडिया पर कार्य कर रहे हैं। इसके लिए मेरठ महानगर कांग्रेस कमेटी और महानगर मेरठ कांग्रेस सोशल मीडिया नाम से फेसबुक पेज बनाए हुए हैं। इन दोनों पेज पर तीन हजार से अधिक फॉलोवर हैं।वहीं, अगर कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग पर नजर डालें तो इसमें विभाग पिछड़ा हुआ है। मेरठ महानगर कांग्रेस कमेटी के फेसबुक पेज पर अंतिम बार 13 दिसंबर 2021 को पोस्ट अपडेट की गई थी। इससे पहले 17 नवंबर 2021 को पोस्ट अपडेट की गई।