मेरठ. वेस्ट यूपी के किसानों की पार्टी राष्ट्रीय लोकदल ने मिशन 2024 का आगाज कर दिया है। पार्टी 1 लाख नए सदस्यों के साथ 2024 लोकसभा चुनाव में उतरेगी। इसके लिए तैयारी शुरू हो चुकी है। रविवार को मेरठ के एसजीएम गार्डन लालकुर्ती में रालोद का कार्यकर्ता सम्मेलन, सदस्यता अभियान हुआ। अभियान में 131 नए सदस्यों को पार्टी से जोड़ा गया। पार्टी के मेरठ मंडल प्रभारी सुखबीर सिंह ने कहा कि नवंबर तक एक लाख सदस्यों को जोड़ना है।

20-20 सदस्य बनाए हर कार्यकर्ता
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेरठ मंडल प्रभारी सुखबीर सिंह गठीना ने कहा कि रालोद यूपी के प्रदेश अध्यक्ष रामआशीष राय ने कहा कि सदस्यता के लक्ष्य को हम सब मिलकर पूरा करेंगे। अगर हर कार्यकर्ता 20-20 सदस्यों को पार्टी से जोड़े तो यह लक्ष्य आसानी से पूरा हो जाएगा। आज के आयोजन में सदस्यों को सदस्यता किताब बांटी गई। सुखबीर सिंह ने मेरठ का जिला संयोजक राष्ट्रीय लोकदल के निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष संजय पनवाड़ी को मनोनीत किया।

हर वर्ग से जुड़कर काम करना
निवर्तमान क्षेत्रीय अध्यक्ष चौधरी यशवीर सिंह ने कहा कि रालोद यूपी में बड़े स्तर पर सदस्यता अभियान चला रहा है। पार्टी हर वर्ग से जुड़कर हर वर्ग के लिए काम करने का उद्देश्य रखती है। 2024 में लोक दल उत्तर प्रदेश की अग्रणी पार्टी में शुमार होगी। निर्वतमान जिलाध्यक्ष मतलबू गोड़ ने कहा कि पार्टी हाईकमान समाज के हर वर्ग के लिए काम करने की नीति बना चुका है। जो जल्द सबके सामने होगी।

नवंबर तक 1 लाख सदस्यों का लक्ष्य
पदाधिकारियों की मानें तो रालोद ने नवंबर 2022 तक एक लाख नए लोगों को पार्टी से जोड़ने का टार्गेट फिक्स किया है। जिसके लिए पार्टी ने कार्यकर्ताओं को मैदान में उतार दिया है। कार्यकर्ता गांवों, ब्लॉकों में जाकर इस लक्ष्य को पूरा करेंगे।

महिलाओं को जोड़ने पर फोकस
महिला प्रकोष्ठ की निवर्तमान प्रदेशाध्यक्ष संगीता दोहरे ने कहा कि राजनीति में महिलाएं भी आगे बढ़ रही हैं। रालोद वो पार्टी है जो महिलाओं का सम्मान कर उन्हें चुनाव लड़ने का अवसर देती है। इसलिए अधिक से अधिक महिलाओं को पार्टी से जोड़कर उनके हित के लिए काम किया जाएगा।