जलगांव। महाराष्ट्र के जलगांव में पपीता ले जा रहे ट्रक का ऐक्सिडेंट हो गया। भीषण सड़क हादसे में 15 की जान चली गई। यवल तालुक के किंगांव गांव के पास ट्रक पलटने से हादसा हो गया। सड़क दुर्घटना में 2 घायल भी हुए हैं जिन्हें नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

महाराष्ट्र के जलगांव में पपीता ले जा रहा ट्रक पलटने से 15 मजदूरों की जान चली गई। दुर्घटना रात करीब एक बजे यवल रोड पर हुई। यहां पपीता ले जा रहे ट्रक ने मोड़ पर नियंत्रण खो दिया और ट्रक पलट गया। पपीते से भरे ट्रक में कई मजदूर भी सवार थे। बताया जा रहा है कि सड़क पर कई गड्ढे हैं जिस वजह से हादसा हुआ।

घटना की रिपोर्ट मिलने के बाद जलगांव और यवल की पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से पलटे ट्रक को सीधा किया गया। इसके बाद मजदूरों के शवों को निकाला गया। फिलहाल दोनों घायलों का नजदीकी अस्पताल में इलाज चल रहा है। ट्रक में 21 मजदूर सवार थे।

इससे पहले रविवार को आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में बस और ट्रक की टक्कर में 13 लोगों की मौत हो गई थी। कुरनूल के वेलदुर्ती मंडल के मदरपुर गांव के पास रविवार सुबह तड़के सड़क दुर्घटना हुई थी। घायलों को सरकारी जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।