मेरठ। लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र में ससुरालियों को नशीली गोली देकर लुटेरी दुल्हन एक लाख रुपये और जेवरात लेकर फरार हो गई। इसके बाद ससुराल वाले दुल्हन के मायके वालों के यहां पहुंचे तो पता चला कि वह भी किराये पर रहते थे और रात में ही मकान छोड़कर चले गए। पीड़ित जाहिद शुक्रवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचा और लुटेरी दुल्हन और उसके मायके वालों पर कार्रवाई की मांग की।
जाहिद ने बताया कि उनके पिता की मौत हो चुकी है। वह अपनी मां के साथ रहता है। बड़ा भाई अपने परिवार के साथ बाहर रहता है। एक व्यक्ति कुछ दिन पहले उनके यहां पर रिश्ता लेकर आया। युवती दिल्ली की रहने वाली थी। दोनों परिवारों की रजामंदी से 15 जून उनका निकाह हो गया। निकाह वाली रात दुल्हन किसी से फोन पर बात कर रही थी। जब पति ने उसके बारे में पूछा तो उसने बातों में उलझा दिया। देर रात दुल्हन ने खाना बनाया और सभी को खिलाया। इसके बाद परिवार के सभी सदस्य सो गए। सुबह उनकी आंख खुली तो दुल्हन वहां नहीं थी। अलमारी में रखे एक लाख रुपये और जेवरात समेत अन्य सामान भी गायब था।
उन्होंने दुल्हन की काफी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। परिवार के सम्मान को देखते हुए उन्होंने इस बारे में पुलिस में शिकायत नहीं की थी। दुल्हन का पता नहीं चलने पर वह मायके वालों के यहां पहुंचे। वहां जाने के बाद जानकारी मिली कि दुल्हन का परिवार किराये पर रहता था, जो निकाह के बाद रात में ही मकान को छोड़कर चला गया। तब ठगी का पता चला।