मेरठ. बुढ़ाना गेट चौकी के सामने स्कूटी गलत साइड से लाने पर हंगामा हो गया। सरेराह स्कूटी सवार महिला और एक महिला कांस्टेबल गुत्थम-गुत्था हो गईं। आरोप है कि स्कूटी सवार महिला ने महिला कांस्टेबल की पिटाई कर दी, जबकि स्कूटी सवार महिला की बेटी बीच-बचाव करती रही। उसके बाद महिला को थाने ले जाया गया।
यह है मामला
कोतवाली थाने के पास तहसील ढलान पर महिला हिना रहती हैं, जो रात करीब आठ बजे बेटी के साथ बाजार से खरीदारी करने के बाद लौट रही थीं। बुढ़ाना गेट चौकी के सामने सड़क के बीच बैरियर लगने की वजह से महिला ने स्कूटी को गलत साइड से निकाल दिया, जबकि चौकी पर तैनात दारोगा पवन कुमार महिला को रूकने का इशारा कर रहे थे।
स्कूटी का पहिया दारोगा के पैर पर चढ़ा
महिला के नहीं रुकने पर दारोगा स्कूटी के सामने खड़े हो गए, इससे स्कूटी का पहिया दारोगा के पैर पर चढ़ गया। इसी को देखते हुए दारोगा ने महिला की स्कूटी से चाबी निकाल ली। इसके बाद महिला ने हंगामा कर दिया। तभी चौकी पर मौजूद महिला कांस्टेबल तानिया को दारोगा ने बुलाया। महिला कांस्टेबल ने हिना को शांत करने का प्रयास किया।
महिला ने कांस्टेबल के साथ शुरू की मारपीट
देखते ही देखते महिला ने कांस्टेबल के साथ मारपीट शुरू कर दी। महिला ने अपने पैर से सैंडल निकालकर कांस्टेबल को मारने का भी प्रयास किया। बीच सड़क पर दोनों गुत्थम-गुत्था हो गईं। सीओ अरविंद चौरसिया का कहना है कि स्कूटी सवार महिला ने महिला कांस्टेबल की पिटाई की है। उसके बाद थाने से अतिरिक्त महिला पुलिस बुलाकर हिना को थाने ले जाया गया। आसपास के मुख्य लोगों को बुलाया गया और महिला को उनके सुपुर्द कर दिया गया। सीओ ने बताया कि हिना के खिलाफ महिला कांस्टेबल के साथ मारपीट करने का मुकदमा दर्ज किया गया है। इस घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है।