शामली। त्यौहारों के चलते शामली शहर के कईं रास्ते जाम से जूझ रहे हैं, जिसके चले पुलिस प्रशासन ने कुछ रास्तों पर ई रिक्शा की एंट्री बंद कर दी है।
त्योहारी सीजन में शहर के लोगों को जाम से निजात दिलाने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारी कर ली है। बुधवार से जहां शहर के भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ई रिक्शा की एंट्री बंद कर दी गई। वहीं रात में भी पुलिसकर्मियों को तैनात रहने के निर्देश एसपी अभिषेक ने दिए हैं। कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दरअसल, दिवाली पर्व नजदीक आने के साथ ही बाजारों में ग्राहकों की भीड़ बढ़ने लगी है। जिसके कारण जाम की हालत बनी हुई है। ग्राहकों की सबसे अधिक भीड़ शहर के गांधी चौक बाजार, बड़ा बाजार, कबाड़ी बाजार, नेहरु मार्केट, नाला पटरी उमड़ रही है।
एसपी अभिषेक ने बताया कि शहर में जाम के हालात न हो इसके लिए पुलिसकर्मी रात में 11 बजे तक भी शिफ्ट वाइज ड्यूटी देंगे। सीओ ओर इंस्पेक्टर समय समय पर जायजा लेंगे। इसके अलावा मुख्य बाजारों में ई-रिक्शा पर रोक लगा दी है।
यदि कोई ई रिक्शा को ले जाने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिसकर्मियों की छुट्टियां भी दिवाली तक रद्द कर दी गई है। आपातकालीन स्थिति में ही पुलिसकर्मियों को छुट्टियां मिलेगी।