लखनऊ। यूपी बोर्ड में शनिवार को छात्रों के लिए समर्पित ‘समाधान पोर्टल की शुरुआत की गई है। इस पोर्टल पर सभी काम ऑनलाइन होंगे और छात्रों को बोर्ड कार्यालयों में भटकना नहीं होगा। 15 दिन में उनकी हर समस्या का समाधान हो जाएगा।
यूपी बोर्ड में प्रत्येक वर्ष लाखों छात्र परीक्षा में शामिल होते हैं। इतनी अधिक संख्या होने के कारण उनके शैक्षिक अभिलेखों में त्रुटियों की संख्या भी उसी अनुपात में अधिक होती है। इनको सही कराने के लिए छात्रों को काफी परेशानी होती है और उन्हें बोर्ड कार्यालय के चक्कर काटने पड़ते हैं। इसको देखते हुए पहली बार यूपी बोर्ड में समाधान पोर्टल https://samadhan.upmsp.edu.in की शुरुआत की गई है। इसमें 13 प्रकार की सेवाएं/सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। निर्धारित 15 दिन में समस्यायों का समाधान न करने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। समस्याओं के समाधान के लिए बोर्ड मुख्यालय में कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जा रहा है। इसमें दो टोल फ्री नंबर 1800-180-5310 तथा 1800-180-5312 पर विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से प्राप्त शिकायतों, समस्याओं, जिज्ञासाओं का समाधान केस नंबर के साथ पंजीकृत करके किया जाएगा। समाधान होने के बाद संबंधित छात्रों को भी उसकी सूचना दी जाएगी।
समस्याओं के समाधान के लिए छात्रों को पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। इसके बाद उन्हें एक पंजीकरण संख्या प्राप्त होगी। साथ ही उन्हें पोर्टल पर लॉगइन करने के लिए यूजर आईडी एवं पासवर्ड भी प्राप्त होगा। पंजीकरण के बाद छात्र सेवा का चुनाव करेंगे और आवश्यक विवरणों को पोर्टल पर भरकर आवश्यक दस्तावेजों को भी अपलोड करेंगे। समस्या संबंधित वर्ग के पास स्वत: स्थानान्तरित हो जाएगी।