नई दिल्ली। मानसून बंगाल की खाड़ी के रास्ते पूर्वोत्तर भारत में प्रवेश कर चुका है। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तर- पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों, बंगाल की खाड़ी के उत्तरपूर्व और मध्य के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ा है। आईएमडी ने यह भी बताया कि मानसून मिजोरम, मणिपुर औऱ नागालैंड के अधिकतर हिस्सों में पहुंच चुका है। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण पश्चिम मानसून पश्चिम बंगाल से बिहार, झारखंड की तरफ बढ़ रहा है।

इन राज्यों में आज बारिश की संभावना
स्काईमेट वेदर के मुताबिक दक्षिण प्रायद्वीप में कमजोर मानसून की स्थिति और देश के उत्तरपूर्वी हिस्से में सामान्य रहने की संभावना है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं भारी बारिश संभव है और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के हिस्सों में एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश तथा भारी बारिश हो सकती है। केरल, लक्षद्वीप, तटीय कर्नाटक, पूर्वोत्तर बिहार के कुछ हिस्सों और जम्मू कश्मीर में हल्की बारिश हो सकती है।

पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी बारिश का अनुमान
आईएमडी ने बताया कि दक्षिण पश्चिम मानसून उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों, बंगाल की खाड़ी के उत्तरपूर्व और पूर्व मध्य हिस्सों के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ा है साथ ही यह मिजोरम, मणिपुर और नगालैंड के अधिकतर हिस्सों तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने मॉनसून की शुरुआत के कारण 8 जून की सुबह तक कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, दार्जिलिंग और कलिम्पोंग जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान लगाया है। अगले पांच दिनों के दौरान पश्चिम बंगाल के गंगा वाले जिलों में आकाशीय बिजली चमकने और हल्की बारिश होने का अनुमान है।

कर्नाटक, केरल और लक्षद्वीप में भी भारी बारिश
भारत के दक्षिणी प्रायद्वीप की ओर अरब सागर से आ रहे मानसूनी हवाओं के मद्देनजर मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक कर्नाटक के तटीय और दक्षिणी अंदरुनी इलाकों, केरल, माहे और लक्षद्वीप में बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले अगले पांच दिनों तक आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, उत्तरी अंदरुनी कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के छिटपुट इलाकों में बारिश हो सकती है।

बिहार में जल्‍दी ही मानसून का हो सकता है प्रवेश
भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि दक्षिण पश्चिम मानसून पश्चिम बंगाल से बिहार, झारखंड की तरफ बढ़ रहा है। फिलहाल बंगाल के उत्तर पश्चिम की खाड़ी में मानसून पहुंच चुका है। बिहार में मानसून का प्रवेश उत्तर पूर्व के राज्‍यों के रास्‍ते होता है। मिजोरम, मणिपुर और नगालैंड के अधिकांश हिस्‍सों में मानसून पहुंच गया है। बिहार में मानसून का प्रवेश पूर्णिया जिले के रास्‍ते होने की उम्‍मीद है। भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी ताजा मानसून मानचित्र में बताया गया है कि मानसून बिल्‍कुल बिहार की सीमा पर आ गया है। पश्‍च‍िम बंगाल और सिक्‍क‍िम के कुछ हिस्‍सों में मानसून तय समय से छह दिन पहले ही आ गया है। अगर मानसून की यही गति बनी रही तो बिहार में इसका प्रवेश 10 जून से भी पहले हो सकता है। हालां‍क‍ि, मौसम विज्ञान केंद्र के मुताब‍िक, मानसून का बिहार में प्रवेश 13 से 15 जून के बीच होने की उम्‍मीद है।