मेरठ। दिन का तापमान अप्रैल में सामान्य से छह डिग्री ऊपर पहुंच गया है। गर्मी का रौद्र रूप बढ़ता जा रहा है। लू झुलसा रही है और गर्मी में घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। अभी आगे भी मौसम के तेवर ऐसे ही रहेंगे। दो दिन बाद 21 अप्रैल को आसमान में हल्के बादल और कहीं-कहीं बौछारें आ सकती हैं।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गर्मी का असर तेज हो गया है। अप्रैल की शुरुआत ही भीषण गर्मी के साथ हुई, जो अब धीरे-धीरे बढ़ती जा रही है। गर्मी के रौद्र रूप के साथ तापमान और लू शहरवासियों को झुलसा रहा है। मौसम में गर्मी का असर प्रत्येक दिन बढ़ता जा रहा है। अप्रैल में ही गर्मी का असर मई और जून जैसा दिख रहा है। गर्मी का असर मंगलवार को अन्य दिनों से ज्यादा रहा।

सीजन में मंगलवार का दिन सबसे गर्म रहा है। पारा सोमवार का रिकार्ड तोड़ता हुआ 41.6 डिग्री पर रिकॉर्ड किया गया, जो इस सीजन में सबसे अधिक रहा है। मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तामपान 41.6 डिग्री व न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं मंगलवार को मेरठ का एयर क्वालिटी इंडेक्स में भी बढोतरी हुई है, एक्यूआई 222 रिकॉर्ड किया गया। धीरे-धीरे आसपास के जनपदों का भी पारा बढ़ता जा रहा है।