अरवल. बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव इन दिनों एमएलसी चुनाव को लेकर अपने उम्मीदवारों की जीत पक्की करने में लगे हैं। इसको लेकर वो गर्मी में भी प्रचार करने में जुटे हैं। लगाता प्रचार के दौरान तेजस्वी यादव सत्तू पीकर सरकार पर हमला कर रहे हैं। बुधवार को अरवल के कुर्था पहुंचे तेजस्वी यादव ने मंच पर सस्तू का सेवन किया और कहा कि हमलोग देहाती आदमी हैं। सत्तू से बढ़िया भोजन कुछ नहीं है।

नीतीश सरकार पर बोला हमला
सभा के दौरान नेता प्रतिपक्ष ने सरकार पर जमकर हमला बोला। कुर्था उच्च विद्यालय के कीड़ा मैदान में चुनावी सभा में उन्होंने कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री भी सुरक्षित नहीं हैं तो आम लोगों का क्या हाल होगा। बिहार में पढ़ाई, दवाई, सिंचाई की प्राथमिक आवश्यकता ही चौपट है। फिर भी कहा जा रहा कि न्याय के साथ विकास हो रहा है। यहां पर सरकार नहीं सर्कस चल रहा है। भाजपा का अलग राग है तो जदयू के अलग। मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री में सामंजस्य नहीं है। विधानसभा अध्यक्ष एक दारोगा और डीएसपी के सामने लाचार हैं। फिर भी सरकार चल रही है। उन्होंने कहा कि गत विधानसभा चुनाव में हमने दस लाख बेरोजगारों को रोजगार देने को कहा था तो राजग ने 19 लाख की बात कही थी पर डेढ़ साल बीतने को है कितने को रोजगार मिला यह आज बिहार का युवक पूछ रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में आप लोगों ने मुझे अपार समर्थन दिया। महागठबंधन को एक करोड़ 58 लाख वोट दिया तो एनडीए गठबंधन को एक करोड़ 58 लाख बारह हजार मत मिले वह भी बेमानी-शैतानी से। पूरे मगध क्षेत्र में महागठबंधन का परचम लहराया, उसी प्रकार विधान परिषद के चुनाव में भी हमें प्यार दें। महागठबंधन के प्रत्याशी कुमार नागेंद्र उर्फ रिंकू को अपना मत देकर भारी मतों से विधान परिषद में भेजें। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि यह चुनाव राष्ट्रीय जनता दल और महागठबंधन का है। आप अपने पंचायत प्रतिनिधि को महागठबंधन के प्रत्याशी को जिताने के लिए प्रेरित करें।