आगरा। आगरा के थाना पिनाहट के बसई अरेला के एक गांव के पास 16 साल की किशोरी की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। परिजन ने दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव को लटकाने का आरोप लगाया। पोस्टमार्टम के बाद सुबह 9 बजे शव को अरनौटा में आगरा-बाह राजमार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। वे नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी पर अड़े थे। दोपहर में विधायक पक्षालिका सिंह के सामने पुलिस अफसरों ने दो दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। तब ग्रामीणों ने जाम खोला। इस दौरान करीब 6 घंटे तक हाईवे जाम रहा।
किशोरी बुधवार की शाम को पशुओं के बाड़े में दूध निकालने गई थी। परिजन का आरोप है कि तभी गांव के बंटू उर्फ करण और लालो उसे जबरन बाइक पर अगवा कर ले गए। बुधवार देर रात बंटू के कुएं के पास किशोरी का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। परिजन ने करण, लालो और दो अन्य पर दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाया। रिपोर्ट भी दर्ज कराई।
बृहस्पतिवार शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव घर लाया गया। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे परिजन शव को लेकर अरनौटा पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए आगरा-बाह स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया। आसपास के ग्रामीण भी इकट्ठा हो गए।
गुस्साए ग्रामीण पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद, आरोपियों को फांसी दो फांसी दो और आरोपियों के घर चलाओ बुलडोजर जैसे नारे लगा रहे थे। ग्रामीणों ने राजमार्ग पर आने वाले वाहन चालकों को दौड़ा लिया। अफरातफरी मच गई। हंगामा होने लगा। एसीपी और कई थानों का फोर्स घटनास्थल पर पहुंचा। ग्रामीण टस से मस नहीं हुए। वह आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
लंबा जाम लगने पर पुलिस ने वाहनों को डायवर्ट कर निकाला। दोपहर तीन बजे विधायक पक्षालिका सिंह, डीसीपी पूर्वी अतुल कुमार ने मौके पर पहुंचकर दो दिन के भीतर गिरफ्तारी का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। पुलिस आयुक्त जे रविंन्दर गौड का कहना है कि परिजन ने हत्या और दुष्कर्म का आरोप लगाया है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग आया है। विधिक राय लेकर जल्द कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।