भोरे। साली के प्रेम के चक्कर में एक पति ने पत्नी और मासूम बेटे को बेघर कर दिया। मामले में पीड़िता के बयान और कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने पिंटू राजभर, किसनावती देवी, मंटू राजभर, माधुरी देवी समेत पांच के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

बताया गया है कि थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव निवासी युवती की शादी यूपी के कुशीनगर जिले के तरेयां सुजान थाना क्षेत्र के परसौनी भरपटिया गांव निवासी पिंटू राजभर के साथ 29 मई 2019 को हुई थी। शादी के बाद रूबी देवी को एक पुत्र हुआ। आरोप है कि ससुराल आते-जाते पिंटू की नजरें अपनी साली से लड़ी। जीजा और साली के रिश्‍ते को पत्‍नी सामान्‍य समझती रही। लेकिन दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया था। कई बार पत्‍नी ने विरोध किया लेकिन पति पर साली के प्रेम का भूत सवार था। आखिरकार दोनों ने शादी रचा ली। बहन के सौतन बन जाने पर पत्‍नी ने विरोध किया। उसने इसका विरोध किया तो उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। इसे लेकर रूबी कोर्ट से न्याय की गुहार लगाई थी।

मांझागढ़ थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव में एक लड़की से शादी की इच्छा जाहिर करने वाले मंदबुद्धि युवक की मां को मारपीट कर घायल कर दिया गया। घायल महिला को इलाज के लिए सदर अस्प्ताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। घटना के संबंध में बताया गया है कि प्रतापपुर गांव की अख्तरुन नेशा का एक मंदबुद्धि पुत्र है। पुत्र ने अपने ही गांव की एक लड़की से शादी की इच्छा जताने की बात अपनी मां से कही। उसकी मां लड़की की मां से कहने के लिए गई तो वहां उसके साथ मारपीट की गई। मारपीट में वह घायल हो गई।

इसके बाद मामला शांत हो गया। फिर शाम में पंचायती रख मामले को सुलझाने की कोशिश की गई। पंचायती में शामिल होने के लिए लड़के की मां लड़की के घर पहुंची तो वहां उसके साथ मारपीट की गई। बेल्ट व लाठी-डंडे से हमला कर मारपट का आरोप लगाया गया है। घटना की सूचना मांझागढ़ थाने की पुलिस को दी गई। पुलिस सूचना मिलने के बाद मामले की छानबीन करने में जुट गई। मारपीट में घायल वृद्ध मां का कहना है कि उनेके पुत्र का पिछले छह माह से मानसिक संतुलन ठीक नहीं है।