उन्नाव. अयोध्या में डीएम आवास की नाम पट्टिका का रंग बदलने की चर्चा थमी नहीं थी कि शनिवार को उन्नाव के निराला उद्यान पार्क में लगे झूलों का रंग बदल दिया गया। पहले पार्टी विशेष के झंडे के रंग में रंगे झूलों को लेकर पूरे शहर में चर्चा हुई तो फिर 24 घंटे के अंदर ही रंग बदल दिया गया। लोग इसके निहितार्थ निकाल रहे हैं। जिला उद्यान अधिकारी का कहना है कि वह अभी बाहर हैं। झूलों का रंग धूमिल होने से रंगाई कराई गई है। पहले भी झूले उसी रंग में थे। अब फिर उनका रंग बदल दिया गया है।

विधानसभा चुनाव के बीच अयोध्या जिलाधिकारी आवास का मार्ग दर्शाने वाली पट्टिका का रंग बदलने का मामला इंटरनेट मीडिया पर खूब छाया रहा। इसके बाद शनिवार देर शाम उन्नाव में कलेक्ट्रेट से सटे उद्यान विभाग में लगे झूलों का रंग चर्चा में आ गया। उनका अधिकांश भाग हरा और लाल ही रखा गया।

पड़ताल की गई तो पता चला कि निराला उद्यान के इन झूलों का रंग पहले हरा, लाल, पीला, नीला आदि था। जिला उद्यान अधिकारी सुनील कुमार ने बताया, झूलों की रंगाई का प्रकरण संज्ञान में है। उनका रंग बदलकर लाल, पीला व हरा आदि कर दिया गया है।