नई दिल्ली। बॉलीवुड की स्टाइलिस्ट अभिनेत्रियों में शुमार मलाइका अरोड़ा प्रोफेशनल लाइफ से ज्यादा पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में रहती हैं। ताजा अपडेट के मुताबिक मलाइका और उनकी बहन अमृता अरोड़ा एक वेब शो लेकर आने वाली हैं, जिसका नाम है ‘अरोड़ा सिस्टर्स’। ये शो काफी मसालेदार होने वाला है और इसमें काफी चटपटी चीजें देखने को मिलने वाली हैं। हाल ही में शो को लेकर नया अपडेट सामने आ रहा है कि इसमें मलाइका अरोड़ा के पूर्व पति अरबाज खान और बॉयफ्रेंड अर्जुन कपूर एकसाथ नजर आ सकते हैं।
इस शो को अरोड़ा सिस्टर्स ही होस्ट करेंगी। ये शो डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर आएगा। कहा जा रहा है कि अरबाज खान और अर्जुन कपूर भी इस शो का हिस्सा होंगे, लेकिन दोनों एकसाथ नहीं बल्कि अलग-अलग नजर आएंगे। अरबाज, अर्जुन के अलावा इस शो में अमृता और मलाइका के परिवार वाले और कुछ दोस्त भी नजर आने वाले हैं। ये सब सुनने के बाद अमृता और मलाइका के फैंस भी काफी एक्साइटेड हो गए हैं।
ये शो मलाइका और अमृता की जिंदगी के इर्द-गिर्द ही घूमेगा। दोनों बहनें सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और अक्सर चर्चा में रहती हैं, इसलिए इस शो में फैंस को ज्यादातर उनके बारे में ही जानने का मौका मिलेगा। बता दें कि इंडस्ट्री में अमृता और मलाइका के खूब दोस्त हैं। ऐसे में इस शो में करीना कपूर और करिश्मा कपूर की भी एंट्री हो सकती है।
बता दें कि मलाइका ने साल 2016 में अरबाज खान से तलाक ले लिया था। दोनों का एक बेटा है, जिसका नाम है अरहान। अरबाज से अलग होने के बाद मलाइका अर्जुन कपूर को डेट कर रही हैं। कुछ समय पहले खबर आई थी कि मलाइका और अर्जुन शादी करने वाले हैं, हालांकि अब तक इस खबर पर कोई नया अपडेट नहीं आया है।