बीजिंग। चीन के आर्थिक केंद्र कहे जाने वाले शंघाई में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इसकी वजह से शहर में पाबंदियां भी बढ़ गई हैं। शहर में पहले से ही डबल स्टेज लाकडाउन जारी है। ऐसे में अब लोगों का भी संयम जवाब देने लगा है। इसकी एक बड़ी वजह शंघाई में कोविड जीरो पालिसी का लागू होना भी है। एएनआई ने चीन की मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से बताया है कि वहां पर अब लोगों ने इस लाकडाउन का विरोध भी करना शुरू कर दिया है। चीन में बीते दिन रिकार्ड संख्या में कोरोना के नए मामले सामने आए हैं।

ग्‍लोबल फाइनेंशियल हब है शंघाई
गौरतलब है कि पूरी दुनिया में शंघाई की पहचान एक ग्लोबल फाइनेंशियल हब की है। जानकारों को मानना है कि शंघाई में बड़ी संख्या में कोरोना के मामलों का सामने आना खतरे को संकेत है। जानकारों के मुताबिक यहां का हाल चीन के वुहान से भी अधिक खतरनाक हो सकता है। हालांकि, इन जारकारों का ये भी कहना है कि मामलों की गंभीरता यहां पर वुहान की तरह इस बार नहीं होगी।

कोरोना के बढ़ते मामलों ने बढ़ाई चिंता
शंघाई में कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों ने प्रशासन की भी चिंता बढ़ा दी है। स्थिति को देखते हुए सरकार ने मास स्क्रीनिंग का दायरा बढ़ाने की प्रक्रिया फिर से शुरू कर दी है। बीते 24 घंटों के दौरान यहां पर कोरोना के जितने मामले सामने आए हैं वो पिछले तीन दिनों के दौरान सामने आए मामलों से अधिक हैं। रायटर्स के मुताबिक शंघाई में शनिवार को 6051 मामले रिपोर्ट किए गए हैं। इससे पहले इन मामलों की संख्‍या 4144 थी। शंघाई नगर निगम कमीश्नर वू कियांयू ने एक प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि सरकार अधिक जांच कर रही है, इसकी ही वजह से ये मामले सामने आए हैं।