यूपी। वाराणसी में बदमाशों के हौसले बुलंद हो गए हैं। मंगलवार को मंडुवाडीह थानाक्षेत्र में अलग अलग घटनाओं में दो महिलाओं की बाइक सवार बदमाश चेन छीन कर भाग गए।
पहली घटना लहरतारा स्थित रेलवे कॉलोनी की है जहां मंगलवार की सुबह मंदिर से दर्शन कर लौट रही रेलकर्मी की मां के गले से बाइक सवार बदमाश चेन छीन कर भाग गए। वहीं, दूसरी घटना ककरमत्ता ओवरब्रिज के नीचे की है जहां, घर के बाहर झाड़ू लगा रही महिला के गले से बदमाश चेन छीनकर भाग गए।
जानकारी के अनुसार लहरतारा स्थित रेलवे कॉलोनी के आवास संख्या 236 ए में डीआरएम ऑफिस में कार्यालय अधीक्षक अजय कुमार रहते हैं।सोमवार को उनकी मां गीता देवी (55 वर्ष) गांव नवादा विहार से लौटी थीं और मंगलवार की सुबह लगभग साढ़े छह बजे रेलवे फाटक फुलवरिया के पास मंदिर में दर्शन कर लौट रही थीं। उसी समय एक बाइक पर दो युवक मिले और उनसे पता पूछा। गीता देवी उन्हें मना करते हुए आगे बढ़ गईं।
गीता देवी जैसे ही कॉलोनी के अंदर घुसी सुनसान जगह देखकर वहीं दोनों युवक फिर पहुंचे और पता पूछने लगे। मना करने पर एक युवक ने उनके गले से चेन छीनी और बाइक पर बैठकर भाग गए। जानकारी मिलने पर अजय कुमार ने मंडुवाडीह थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है।
दूसरी घटना में मंगलवार की सुबह लगभग छह बजे भाष्कर नगर हसनपुर , ककरमत्ता की है। जहां दुर्गावती सिंह (65 वर्ष) अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रही थीं, उसी समय एक बाइक पर सवार दो युवक उनकी चेन छिन कर मंडुवाडीह चौराहे की तरफ भाग निकले।
दुर्गावती सिंह ने बताया कि ‘रोजाना की भांति मैं घर के बाहर झाड़ू लगा रही थी तभी बाइक सवार दो युवक आये। एक युवक बाइक पर ही बैठा था और दूसरा युवक उतर कर उनसे किसी अखिलेश के मकान का पता पूछने लगा उन्होंने अनभिज्ञता जाहिर की। तभी उक्त बदमाश ने उनके गले से झपट्टा मार कर चेन खींच लिया और बाइक पर बैठ कर भाग निकला। दुर्गावती सिंह ने मंडुवाडीह पुलिस को तहरीर दे दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी हुई है।