मथुरा में विपक्षी पार्टियों ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। वहीं भाजपा ने भी तगड़ा पलटवार किया। चाय पर चर्चा और नाविकों व महिलाओं से बातचीत के  बाद ‘अमर उजाला’ का चुनावी रथ ‘सत्ता का संग्राम’ राजनीतिक दलों के नेताओं के बीच पहुंचा। इस कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, आप और रालोद के प्रतिनिधियों ने शिरकत की। सभी ने अपने उन एजेंडों के बारे में भी बताया, जिसे लेकर वह जनता के बीच वोट मांगने जाएंगे। पढ़िए किस नेता ने क्या कहा?

भाजपा ने किया विकास का गुणगान
भाजपा के पार्षद मदन मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि हमारी पार्टी का एक ही उद्देश्य है, ‘राष्ट्रभक्ति ले ह्दय में हो खड़ा यदि देश सारा, संकटों पर मात कर राष्ट्र हो विजयी हमारा’।  उन्होंने आगे कहा कि जहां तक जहां तक काम का सवाल है तो मथुरा की जनता जानती है यहां निरंतर काम हो रहे हैं। हमारे यहां के विधायक श्रीकांत शर्मा हैं ने मथुरा में बहुत सारा विकास कराया हैं और लगातरा करा रहे हैं। वो प्रदेश के उर्जा मंत्री भी हैं। आम जनमानस उनके विकास से अभिभूत है और निश्चित रूप से श्रीकांत शर्मा जी हो या कोई और प्रत्याशी हो उनकी विजयी यहां से सुनिश्चित है। भाजपा नेता ने आगे कहा कि तमाम सड़कों का जाल बिछाया गया है। भाजपा सरकार में बहुत सारे काम हुए। बिजली बेहतर हुई है। आज भी लोग याद कर रहे है कि ऐसी बिजली प्रदेश में कभी नहीं आई।

विपक्षी दलों का भाजपा पर हमला
समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष डॉ. अबरार हुसैन ने कहा कि देश का कितना बड़ा दुर्भाग्य है कि 72-73 साल हो जाने के बाद भी अगर चार बूंदे पड़ जाती हैं कि भूतेश्वर पुल के नीचे से निकल नहीं सकते हैं। जलभराव की जबरदस्त समस्या है। जब श्रद्धालु यहां आते हैं तो वे त्राहिमाम त्राहिमाम करते हैं। वहीं, उन्होंने आगे कहा कि जहां यह कार्यक्रम हो रहा है यह महात्मा गांधी का प्रांगण है, इसकी दुर्दशा देख लीजिए। भाजपा वाले बिजली की बात करते हैं कितनी बार लोगों के मीटर बदल दिए गए हैं। सपा नेता ने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में जो सरकार चली, मथुरा में उनका काम बोलता था। मुर्गा फाटक पर पुल को बनवाने का काम सपा की सरकार ने ही किया। हमारी सरकार ने शहर की तमाम सड़कें बनवाने का काम किया। इन धर्म के ठेकेदारों से ये पूछिए कि यमुना का पानी आचमन लेने योग्य है क्या? इस पर भाजपा नेता ने पलटवार करते हुए कहा कि अगर बहुत तेज बारिश आएगी तो पानी भरेगा ही। फिर निकल भी जाता है। देखिए हमारी पार्टी राष्ट्रीय पार्टी है। बाकी पार्टियां पारिवारिक हैं।

आने वाले समय में भाजपा की होगी जमानत जब्त- कांग्रेस
कांग्रेस के जिला अध्यक्ष ने कहा, भाजपा कहती है कि हमने पांच साल में बहुत विकास किया। मैं ये कह सकता हूं कि भाजपा ने मथुरा में दो भ्रष्टाचार के अड्डे दिए हैं। एक नगर निगम और दूसरा उर्जा मंत्री का निवास स्थान। यहां कोई भी विकास नहीं हुआ है। केवल और केवल भाजपा सरकार हमारे कांग्रेस की दी हुई संस्था को बेचने का काम कर रही है। इस देश को तबाह करने के अलावा भाजपा कोई काम नहीं कर रही। कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि हम नौकरी मांगते हैं तो ये कहते हैं पाकिस्तान, हम कहते हैं कि भ्रष्टाचार को खत्म करिए तो ये कहते हैं पाकिस्तान, हम कहते भूखे हैं रोटी दीजिए तो ये कहते हैं पाकिस्तान, हम कहते हैं कि भाई भाई को क्यों लड़ा रहे हैं तो ये कहते हैं पाकिसताान। इनके पास धार्मिक भावना को भड़काने के अलावा कोई काम नहीं है। आने वाले समय में भाजपा की जमानत जब्त होगी। उन्होंने कहा कि केवल कांग्रेस पार्टी बेहतर है। सभी ने जनता को गुमराह करने का काम किया है। 1989 में एनडी तिवारी प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। इन 32 वर्षों में इन तीनों पार्टियों ने धर्मवाद, जातिवाद और परिवारवाद के अलावा कुछ नहीं किया। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा की सरकार में भ्रष्टाचार के रेट 100 गुने बढ़ गए। 

भाजपा के वोटर ने मायावती की तारीफ की
उधर, बसपा के नेता महेंद्र चौधरी ने कहा कि बहन जी मायावती के नेतृत्व में यहां पूरा विकास हुआ। कानून से लेकर विकास तक, माता बहनों की इज्जत से उनकी सुरक्षा तक। सबों का ख्याल रखा गया, सुरक्षा दी गई। वहीं, कार्यक्रम के दौरान मौजूद एक भाजपा वोटर ने कहा कि मायावती ने मथुरा शहर में गरीबों को फ्लैट दिया। सब खाली पड़े हैं। उन्होंने जितने फ्लैट दिए उतने न तो सपा ने और न ही भाजपा वालों ने दिए। 

300 यूनिट तक किसी को एक रुपया देने की जरूरत नहीं- आप
आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष ने कहा कि हिंदुस्तान की राजनीति के इतिहास में बिजली के बिल के चलते न जाने कितने लोगों ने आत्महत्याएं की हैं। पहले लोग करेंट लगने से मर जाते थे, अब बिजली के बिल को देखकर लोग आत्महत्या कर रहे हैं। प्रदेश के अंदर जो बिजली आ रही है। भाजपा वाले इसकी मनमानी कीमत वसूल रहे हैं। इनसे ज्यादा निर्दय कोई हो नहीं सकता है। उन्होंने आगे कहा कि हमने दिल्ली के अंदर जिस मॉडल को दिया है, उससे भी अच्छा मॉडल यहां देंगे। 300 यूनिट तक किसी को एक रुपया देने की जरूरत नहीं है। 

भाजपा नेता ने कहा कि सपा की सरकार में कितनी बिजली आती थी। जनमानस इस बात को जानता है पहले की सरकार में आठ-नौ और 10 घंटे तक बिजली नहीं आती थी। कम से कम अब तो ये सुविधाएं मिल रही हैं, लगातार बिजली आ रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में हमारे प्रधानमंत्री जी ने करोड़ों अरबों रुपये खर्च करके इस देश के जनमानस को बचाया। फ्री में वैक्सीन लगवाई। इस पर कांग्रेस ने कहा कि भाजपा की सरकार में लाखों लोग बिना इलाज के मर गए। ऑक्सीजन के बिना कई लोगों की जान चली गई। वहीं, भाजपा नेता ने कहा कि दुनिया के बाकी देशों से भारत की तुलना कर लीजिए पता चल जाएगा। केवल भाजपा ही इस देश को बचा सकती है। उन्होंने कहा कि पारिवारिक पार्टियां अब नहीं चलेंगी। सपा, बसपा, कांग्रेस सभी पारिवारिक पार्टियां हैं। फिर से भाजपा आने वाली है।

मथुरा में 40 हजार लोग बेरोजगार
राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के उपाध्यक्ष कुंवर नरेंद्र सिंह ने कहा कि जनता समझ चुकी है कि भाजपा की कथनी और करनी में कितना फर्क है? भाजपा वाले का जो विजन है वो हिंदु-मुस्लिम नहीं तो भारत-पाकिस्तान पर अटका हुआ है। उन्होंने कहा कि हमने मथुरा के एंप्लॉयमेंट ऑफिसर से मिला था तो उन्होंने कहा कि यहां 40 हजार लोग बेरोजगार हो चुके हैं। 

विपक्षी समर्थकों ने क्या कहा?
भाजपा वाले विकास की बात करते हैं। यहां सासंद महोदया दिखाई नहीं देती हैं। भाजपा ने दो करोड़ रोजगार देने की बात कही थी, उसका क्या हुआ। कितने लोगों को रोजगार मिला। आज यहां जितने नौजवान खड़े हैं सब बेरोजगार हैं। यही नौजवान भाजपा को उखाड़ फेंकने का काम करेंगे। एक विपक्षी समर्थक ने कहा कि भाजपा राष्ट्र की बात करती है तो राष्ट्रीय संपत्ति क्यों बेच रही है? बाल किशन राधा किशन शास्त्री नाम के एक शख्स ने कहा कि मैं ग्राउंड जीरो कवर करता था और देश के 600 जिले घूमे हैं। भाजपा मथुरा में एक भी सीट नहीं जीत रही है।