
बरेली| बरेली के सुभाषनगर थाना क्षेत्र की शिवधाम कॉलोनी में विवाहिता की मौत हो गई। मायके वालों ने गला दबाकर हत्या का आरोप लगाया। मृतका के पिता ने बेटी के ससुर सेवानिवृत्त दरोगा राजकुमार समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। यह भी आरोप लगाया कि सेवानिवृत्त दरोगा ने बेटे को नेवी अफसर बताया था। शादी के बाद पता लगा कि युवक टैक्सी चालक है। पति को हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ की। उसने बताया कि पत्नी खुद ही फंदे पर लटक गई।
फरीदपुर कस्बे के लाइनपार मठिया निवासी राजू ने बताया कि उनकी पुत्री प्रियम श्रीवास्तव (25) की शादी ढाई साल पहले सेवानिवृत्त दरोगा राजकुमार के बेटे पवन श्रीवास्तव से हुई थी। उनका डेढ़ साल का एक बेटा भी है। शनिवार रात उनके पास किसी का फोन आया कि उनकी बेटी की हत्या कर दी गई है। वह परिवार के साथ बरेली पहुंचे तो उनकी बेटी कमरे में मृत अवस्था में पड़ी थी।
सुभाषनगर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया तो लटकने (हैंगिंग) से मौत की पुष्टि हुई। राजू ने बेटी के पति, सास-ससुर व जेठ-जेठानी पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पचास हजार रुपये दहेज की खातिर बेटी को परेशान किया जाता था।
राजू का आरोप यह भी है कि राजकुमार ने अपने बेटे पवन को नेवी में अफसर बताकर रिश्ता तय किया था। उन्होंने नेवी अफसर की ड्रेस में पवन का एक फोटो भी उन्हें दिखाया था। झांसे में आकर उन्होंने प्रियम की शादी पवन से कर दी। बाद में पता लगा कि वह टैक्सी चलाता है।
धमाकेदार ख़बरें
