हाजीपुर : हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र स्थित एक मोहल्ले से घर से दोस्त से मिलने गई एक किशोरी को लेकर सहेली का भाई फरार हो गया। किशोरी के परिवार के सदस्यों को जब इस बात की जानकारी मिली तो घर में अफरातफरी मच गई। खोजबीन में पता चला कि सहेली का भाई भी घर से गायब है। इसके बाद हाजीपुर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी के आलोक में नगर थाना की पुलिस टीम मामले की जांच में जुट गई है। किशोरी की बरामदगी के लिए पुलिस टीम छापेमारी कर रही है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार नगर थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला स्थित घर से किशोरी अपनी पड़ोसी सहेली से मिलने जाने की बात अपने घर वाले को बताकर निकली थी। जब वह देर शाम तक लौटकर घर नहीं लौटी को परिवार के सदस्य चिंतित हो उठे। इसके बाद उसके पिता ने उसकी खोजबीन शुरू की। संबंधियों से कोई जानकारी नहीं मिलने पर सहेली के घर पर गए। वहां अपनी पुत्री के संबंध में पूछताछ की एवं उन्हें जो जानकारी मिली उसे सुनकर उनके होश उड़ गए।
पुत्री की सहेली के घर पर पिता को जानकारी मिली कि उनकी बेटी की सहेली का भाई भी उसी समय से घर पर नहीं है। इसके बाद सहेली के भाई रुपेश कुमार, सहेली मोनी कुमारी तथा रुपेश के पिता के विरुद्ध नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पिता ने नगर थाना की पुलिस से जल्द से जल्द पुत्री की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है। इधर, किशोरी के गायब होने के बाद से घर में कोहराम मचा है। स्वजन परेशान होकर अपने स्तर पर भी खोजबीन में लगे हुए हैं। इधर, इस संबंध में पूछे जाने पर हाजीपुर नगर थाना की पुलिस ने बताया कि पिता के बयान के आधार पर मामले की प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस टीम लड़की कर बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही है। जल्द की लड़की की बरामदगी कर ली जाएगी।