मेरठ। डीजे सार्जन और डीजे रावण कांवड़ में आज घमासान के आसार हैं। आज दोपहर डीजे सार्जन शिवाया टोल प्लाजा से निकला तो पुलिस के हाथ पांव फूल गए। पुलिस ने टोल पर पहुंचकर डीजे बंद कराया। वहीं डीजे रावण भी आज मेरठ पहुंच जाएगा। यहां दोनों ही डीजे के बीच प्रतिस्पर्धा होगी। हरिद्वार से मुजफ्फरनगर के खतौली तक दोनों ग्रुप के युवाओं के बीच कई बार हाथापाई भी हो चुकी है। वहीं मेरठ में उनकी प्रतिस्पर्धा को देखते हुए पुलिस भी सतर्क हो गई है।
हंगामे और विवादों के बाद खतौली पार कर चुकी डीजे रावण नोएडा की है। यह मेरठ में रोहटा रोड के युवाओं द्वारा संचालित की जा रही है। डीजे सार्जन झारखंड की कांवड़ है। इसे देवपुरी के युवक लेकर आ रहे हैं। विभिन्न डीजे संचालकों ने बताया कि टोल प्लाजा पर डीजे स्पर्धा की पूरी तैयारी की गई है। डीजे कसाना, डीजे अमर, डीजे चौधरी ग्रुप भी आगे बढ़ रहे हैं। माना जा रहा है कि सात प्रमुख डीजे ग्रुप आज शाम तक मेरठ में पहुंच जाएंगे।
टोल प्लाजा पर डीजे प्रतिस्पर्धा 12 साल से हो रही है। तमाम पाबंदियों के बाद भी हर वर्ष यहां डीजे प्रतिस्पर्धा होती है। एक डीजे पर 150 से 400 युवकों की टोली डांस करती है। ऐसे में अत्यधिक साउंड के चलते युवा जोश से भर जाते हैं। घंटों तक प्रतिस्पर्धा चलती है। बाईपास पर कांवड़ सेवा शिविरों में लगे डीजे के साथ भी प्रतिस्पर्धा की जाती है। जिस डीजे की साउंड अधिक होती है तो दूसरा डीजे वाला अपना साउंड बंद कर हार स्वीकार करता है और टीम आगे बढ़ जाती है।
सारजन डीजे की बुकिंग राशि आठ लाख रुपये है। इसमें जनरेटर, तेल आदि अन्य खर्च अलग हैं। डीजे रावण की बुकिंग राशि 7 लाख 50 हजार रुपये है। डीजे कसाना की बुकिंग राशि 7 लाख रुपये है। चौधरी डीजे की बुकिंग राशि 6 लाख 50 हजार रुपये और मोनू डीजे की बुकिंग 5 लाख रुपये में हुई है।
इस बार डीजे पर बेस और साउंड क्लियरिटी के लिए 70 से 80 स्पीकर तक लगाए जा रहे हैं। इस बार डीजे कांवड़ की टोलियां पहले रिकार्ड भी तोड़ने की तैयारी कर रहे हैं।
यदि किसी डीजे कांवड़ के युवाओं द्वारा कोई आपराधिक कृत्य किया जाता तो पुलिस मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करेगी। शुरुआत में ही बैठक में सभी डीजे संचालकों को नियमों के बारे में बता दिया गया था। – डॉ. विपिन ताडा, एसएसपी,